बसना : तीसरी बार तूफानी बारिश की मार, देवउठनी एकादशी पर घरों... - CG Sandesh

बसना : तीसरी बार तूफानी बारिश की मार, देवउठनी एकादशी पर घरों में कैद रहा जनजीवन

  • 24 घंटे की झड़ी ने धान की फसल को संकट में डाला, किसान बेहाल
  • तीसरी बार तूफानी बारिश की मार, देवउठनी एकादशी पर घरों में कैद रहा जनजीवन
  • खेतों में खड़ी और कटी फसल दोनों पर खतरा         

धान कटाई के ऐन वक्त मौसम ने किसानों पर ऐसा कहर बरपाया कि खेतों में पककर तैयार फसल अब किसानों की आंखों के सामने संकट में है। गुरुवार 19 नवंबर की शाम करीब 4:15 बजे शुरू हुई फुहार बारिश देखते ही देखते चक्रवाती तूफान के असर वाली तेज बारिश में बदल गई। अंधेरा होते-होते बारिश ने जोर पकड़ लिया और रातभर जारी रहने के बाद शुक्रवार 20 नवंबर को भी दिनभर झड़ी लगी रही। करीब 24 घंटे तक लगातार बारिश से बसना अंचल में सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। देवउठनी एकादशी का पर्व भी झड़ी बारिश के बीच लोगों को घरों में ही मनाना पड़ा।

मौसम की इस बेरुखी ने सबसे ज्यादा चोट उन किसानों को पहुंचाई है, जिनकी धान की फसल खेतों में पककर कटाई के लिए तैयार खड़ी थी। लगातार बारिश से खेतों में पानी और नमी बढ़ गई है। फसल के गिरने, बालियों के भीगने, दाने खराब होने और कटाई-मिंजाई में लंबी देरी की आशंका गहरा गई है। जिन किसानों ने धान काट लिया है, उनके सामने भी फसल को सुरक्षित सुखाने और बारिश से बचाने की चुनौती खड़ी हो गई है। 

खेतों में खड़ी फसल और कटाई के बाद रखा धान, दोनों मौसम की मार से बच नहीं पा रहे हैं। यह खरीफ सीजन किसानों के लिए मौसम की परीक्षा बन गया है। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में चक्रवाती तूफान अर्नब के असर से बेमौसम बारिश और तेज हवाओं ने किसानों को नुकसान पहुंचाया था। इसके बाद नवंबर के शुरुआती दिनों में मुरासु तूफान के प्रभाव से बसना और फुलझर अंचल में बारिश तथा तेज हवाओं ने फिर परेशानी बढ़ाई। अब तीसरी बार चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से हुई बारिश ने किसानों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। 

बार-बार मौसम का बिगड़ना किसानों के लिए किसी प्राकृतिक आपदा से कम नहीं है। धान कटाई के इस निर्णायक समय में किसान फसल बचाने के लिए क्या करें, उन्हें कोई रास्ता नहीं सूझ रहा है। खेतों में खड़ी फसल को तत्काल काटना संभव ही नहीं है, गीली फसल की कटाई और मिंजाई भी आसान नहीं, वहीं बारिश के बीच धान को सुरक्षित रखने के इंतजाम सीमित हैं। छह महीनों की मेहनत, लागत और उम्मीदों के साथ तैयार फसल पर लगातार पानी बरसने से किसान मायूस हैं। 

कई किसान अब मौसम खुलने की आस में आसमान निहार रहे हैं, लेकिन बारिश थमने का इंतजार भी उनकी बेचैनी बढ़ा रहा है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो चुकी है, लेकिन खरीदी केंद्र तक धान पहुंचाने से पहले खेतों में फसल बचाना किसानों की सबसे बड़ी चुनौती बन गया है। 24 घंटे की बारिश ने कटाई के पूरे कार्ययोजना को प्रभावित कर दिया है। मौसम की लगातार मार से किसानों के सामने उत्पादन, गुणवत्ता और आमदनी तीनों पर संकट मंडरा रहा है। इस समय किसान अपनी मेहनत की फसल को बचाने के लिए असहाय नजर आ रहे हैं और मौसम के आगे अपनी किस्मत पर रोने को मजबूर हैं।

गुढ़ियारी का रास पूर्णिमा महोत्सव भी बारिश से प्रभावित

सैकड़ों वर्षों की परंपरा वाले धार्मिक आयोजन में बिगड़ा उत्सवी माहौल, भागवत कार्यक्रम नहीं हो सका

ग्राम गुढ़ियारी (भूकेल) में राधा-कृष्ण की लीलाओं पर आधारित सैकड़ों वर्षों से चली आ रही रास पूर्णिमा महोत्सव की परंपरा इस वर्ष बेमौसम बारिश के कारण प्रभावित हो गई है। 19 नवंबर से लगातार हो रही झड़ी बारिश ने धार्मिक आयोजन की तैयारियों से लेकर कार्यक्रमों के संचालन तक मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। गांव में प्रतिवर्ष श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाने वाला यह महोत्सव छत्तीसगढ़ ओडिशा के साथ आसपास के ग्रामीणों के लिए भी आस्था और सांस्कृतिक जुड़ाव का प्रमुख अवसर होता है, लेकिन इस बार मौसम की बेरुखी ने आयोजन की रौनक फीकी कर दी। 20 नवंबर को महोत्सव के अंतर्गत कलश यात्रा, मूर्ति स्थापना एवं रात्रि में भागवत कार्यक्रम का आयोजन निर्धारित था। 

बारिश के बीच कलश यात्रा और मूर्ति स्थापना के कार्यक्रम के साथ धार्मिक आयोजन की परंपरा निभाई गई, लेकिन रात में होने वाला भागवत कार्यक्रम लगातार बारिश के कारण नहीं हो सका। बारिश ने आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं की आवाजाही को भी प्रभावित किया। लंबे समय से इस महोत्सव की प्रतीक्षा कर रहे ग्रामीणों और श्रद्धालुओं को मौसम के कारण निराशा का सामना करना पड़ा। 

गुढ़ियारी का रास पूर्णिमा महोत्सव धार्मिक आयोजन के साथ ग्रामीण परंपरा, सामाजिक मेल-मिलाप और सांस्कृतिक गतिविधियों का भी केंद्र है। इस अवसर पर गांव में श्रद्धालुओं की आवाजाही, धार्मिक कार्यक्रम और खेल प्रतियोगिताओं से उत्सवी माहौल रहता है। लेकिन इस बार लगातार बारिश के चलते कार्यक्रमों को व्यवस्थित रूप से आयोजित करना आयोजकों के लिए कठिन हो गया है। 

21 नवंबर को प्रस्तावित कबड्डी प्रतियोगिता पर भी बारिश का असर पड़ने की आशंका है। मैदान में लगातार बारिश से नमी और कीचड़ होने की स्थिति में खिलाड़ियों के लिए खेलना मुश्किल होगा। आयोजन समिति प्रतियोगिता को लेकर मौसम खुलने की उम्मीद लगाए हुए है। बारिश थमने और मैदान की स्थिति अनुकूल होने पर ही प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। लगातार बारिश ने इस वर्ष रास पूर्णिमा महोत्सव के उत्साह पर पानी फेर दिया है और आयोजकों के सामने कार्यक्रमों को संपन्न कराने की चुनौती खड़ी कर दी है।


author

सी. डी. बघेल

वरिष्ठ पत्रकार सी.डी. बघेल जी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 35 से अधिक वर्षों का लंबा और गौरवशाली अनुभव है। 1990 के दौर से लगातार निष्पक्ष एवं खोजी पत्रकारिता कर रहे सी.डी. बघेल जी बसना एवं पिथौरा क्षेत्र के स्थानीय मुद्दों और आम जनता के हक की आवाज़ को जमीनी स्तर से उठाने के लिए जाने जाते हैं। तीन दशकों से अधिक की विश्वसनीय रिपोर्टिंग के जरिए उन्होंने पाठकों के बीच एक अटूट विश्वास कमाया है। संपर्क: +91 99770 03756
अन्य सम्बंधित खबरें