बसना : स्कूल में चाकू की नोक पर प्रधान पाठिका से लूट का खुलासा, ज्वेलर्स संचालक और नाबालिग समेत 7 आरोपी गिरफ्तार
बसना अंतर्गत चौकी भंवरपुर क्षेत्र के ग्राम बड़े साजापाली स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में प्रधान पाठिका से चाकू की नोक पर हुई लूट की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने लूट के मुख्य आरोपियों सहित लूटे गए सोने की खरीदी-बिक्री करने वाले पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए एक नाबालिग और ज्वेलर्स संचालक समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शत-प्रतिशत मशरूका बरामद कर सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
बच्चों को मारने की धमकी देकर लूटा था मंगलसूत्र और मोबाइल पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बेलटिकरी निवासी श्रीमती नानबाई चौधरी पति विरबल चौधरी (55 वर्ष), जो शासकीय प्राथमिक शाला बड़े साजापाली में प्रधान पाठिका के पद पर पदस्थ हैं, ने चौकी भंवरपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 30 जून 2026 को सुबह करीब 11:00 बजे जब वे स्कूल में उपस्थित थीं, तभी एक अज्ञात व्यक्ति स्कूल के भीतर दाखिल हुआ।
आरोपी ने चाकू दिखाते हुए धमकी दी कि "गले में पहना सोने का मंगलसूत्र उतारकर दे दो, नहीं तो सभी बच्चों को मार दूंगा।" बच्चों की सुरक्षा को लेकर भयभीत प्रधान पाठिका ने अपना मंगलसूत्र उतारकर दे दिया। विरोध के दौरान चाकू लगने से उनके बाएं हाथ की उंगली में चोट भी आई थी। आरोपी उनका मोबाइल फोन भी लूटकर फरार हो गया था। मामले में पुलिस ने बीएनएस (BNS) की धारा 333, 309(4)(1) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
तकनीकी जांच से खुला राज, सराफा व्यापारी समेत 7 पकड़े गए प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा लगातार तकनीकी विश्लेषण (Technical Analysis) किया जा रहा था। जांच के दौरान सुराग मिलने पर पुलिस ने लूट की वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपियों को धर दबोचा। पूछताछ में लूटे गए जेवरात की खरीद-फरोख्त में शामिल अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए, जिसके बाद पुलिस ने पूरे नेटवर्क को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
विशाल सिदार पिता पूर्णचंद सिदार (19 वर्ष, निवासी पलसापाली, चौकी भंवरपुर)
रूपानंद सिदार पिता उत्तम सिदार (31 वर्ष, निवासी पलसापाली, चौकी भंवरपुर)
मुकेश चौहान पिता श्यामलाल चौहान (38 वर्ष, निवासी पलसापाली, चौकी भंवरपुर)
गोकुल चौहान पिता गणेश चौहान (36 वर्ष, निवासी अरेकल, थाना बसना)
भावेश पटेल पिता श्यामसुंदर पटेल (20 वर्ष, निवासी बरपेलाडीह, थाना बसना)
कौस्तुभ गुप्ता (संचालक- सूरज ज्वेलर्स, सरायपाली)
एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग)
बरामद संपत्ति: पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने के मंगलसूत्र के 10 नग गेहूं दाना, एक सोने का पदक, 1.5 ग्राम गला हुआ सोना और एक विवो (Vivo) मोबाइल फोन बरामद किया है।