महासमुंद : कलेक्टर विनय कुमार लंगेह पहुंचे धान खरीदी केंद्रों में, टेमरी एवं नर्रा बैरियर का किया निरीक्षण
कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्रों में किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, धान खरीदी की प्रक्रिया, उपार्जित धान के रखरखाव तथा व्यवस्थागत तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं केंद्र प्रभारियों से खरीदी कार्य की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। खरीदी केंद्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार धान की खरीदी की जाए।
कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्र में पहुंचे किसानों से चर्चा की। इस अवसर पर किसानों ने बताया कि असामयिक वर्षा के कारण धान की फसल प्रभावित हुआ है। कलेक्टर ने तहसीलदार को सर्वेक्षण कर प्रकरण बनाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्रों में वर्षा एवं नमी से धान को सुरक्षित रखने के लिए पानी निकासी की समुचित व्यवस्था करने तथा पर्याप्त तिरपाल उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खरीदी केंद्रों में जलभराव की स्थिति निर्मित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए पानी निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए तथा उपार्जित धान को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से रखा जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि धान के ढेर एवं बोरों को नमी से बचाने के लिए आवश्यकतानुसार तिरपाल से ढक कर रखा जाए। केंद्रों में तिरपाल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि मौसम में बदलाव या बारिश की स्थिति में धान को किसी प्रकार का नुकसान न हो।
कलेक्टर ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकता है। इसलिए किसानों को समय पर टोकन, सुगम उपार्जन प्रक्रिया तथा पारदर्शी व्यवस्था का लाभ मिलना चाहिए। धान खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर लंगेह ने टेमरी एवं नर्रा बैरियर का निरीक्षण कर धान के अवैध परिवहन एवं अनधिकृत भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए की जा रही निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैरियरों पर सतत निगरानी रखी जाए तथा दूसरे राज्यों एवं अन्य क्षेत्रों से आने वाले धान के परिवहन पर विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को प्रभावित करने वाले अवैध परिवहन, भंडारण एवं अन्य अनियमित गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए। संदिग्ध वाहनों की जांच करते हुए आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण किया जाए तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा धान खरीदी केंद्रों एवं बैरियरों में नियमित निरीक्षण जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना और धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।