बसना : अटल डिजिटल भवन निर्माण के दौरान शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने पर विवाद, 4 पर मामला दर्ज
बसना थाना अंतर्गत ग्राम बरबसपुर में अटल डिजिटल भवन निर्माण स्थल पर शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की बात कहने पर चार लोगों द्वारा ग्रामीणों से गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई, जिसकी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बरबसपुर निवासी फार्मासिस्ट छंदाचरण बारीक ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 21 नवंबर 2026 को सुबह करीब 11:00 बजे ग्राम पंचायत की ओर से अटल डिजिटल भवन के निर्माण कार्य के संबंध में सरपंच, पंच और बड़ी संख्या में ग्रामवासी निर्माण स्थल पर मौजूद थे.
जिस स्थान पर अटल डिजिटल भवन का निर्माण किया जा रहा है, वहां शासकीय भूमि पर गांव के प्यारे लाल साहू द्वारा अतिक्रमण किया गया है, मौके पर मौजूद ग्रामवासियों ने जब उनसे उक्त शासकीय भूमि से अतिक्रमण छोड़ने को कहा, तो कुसुम साहू, प्यारे लाल साहू, एका साहू और कैलाश साहू ने एक राय होकर ग्रामीणों के साथ अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी.
इस पूरी घटना को मौके पर उपस्थित लखन पटेल, दैतकुमार साहू, सागरचंद साहू, माधव भोई, वैजयंती साहू और अहिल्या प्रधान सहित अन्य ग्रामीणों ने देखा व सुना. आरोपियों द्वारा दी गई धमकी से ग्रामवासियों में भय का माहौल है.
वहीँ प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी कुसुम साहू, प्यारे लाल साहू, एका साहू और कैलाश साहू के विरुद्ध अपराध धारा 296-BNS, 3(5)-BNS, 351(2)-BNS पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है.