अंतर महाविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता में कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, महासमुंद के विद्यार्थियों ने जीते सात पदक
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के अंतर्गत 20 से 22 नवंबर 2026 तक डी के एस कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, भाटापारा में आयोजित तीन दिवसीय इंटर कॉलेज (ईस्ट जोन) स्पोर्ट्स मीट 2026 में कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, कापा के छात्र-छात्राओं ने अंतर महाविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल सात पदक अर्जित किए। महाविद्यालय के खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन एवं मेहनत का परिचय देते हुए दो रजत तथा पाँच कांस्य पदक प्राप्त किए। प्रतियोगिता में प्रेशिता एरिना मिंज ने गोला फेंक में कांस्य एवं चक्का फेंक में रजत पदक अर्जित किया।
वहीं कोमेश्वरी ध्रुव ने लंबी कूद में रजत तथा ऊँची कूद एवं भाला फेंक में कांस्य पदक प्राप्त कर अपनी बहुमुखी खेल प्रतिभा का परिचय दिया। इसके अतिरिक्त अविनाश पारकर ने लंबी कूद में कांस्य पदक तथा वंदना रात्रे ने 400 मीटर दौड़ में कांस्य पदक हासिल किया।
इस प्रकार महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने कुल सात पदक प्राप्त कर संस्थान का गौरव बढ़ाया। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से महाविद्यालय परिवार में हर्ष का वातावरण है। इस उपलब्धि पर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र महासमुंद के अधिष्ठाता डॉ. संदीप भंडारकर ने सभी पदक विजेता छात्र-छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
उन्होंने कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेलों से शारीरिक एवं मानसिक सुदृढ़ता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता में टीम मैनेजर एवं प्रशिक्षक के रूप में डॉ. पी. सी. चौरसिया तथा कोमल गंभीर, सहायक प्राध्यापक ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन एवं नेतृत्व किया।
उनके कुशल निर्देशन, प्रशिक्षण एवं निरंतर प्रोत्साहन से विद्यार्थियों को प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने में सहायता मिली। महाविद्यालय परिवार ने सभी पदक विजेता छात्र-छात्राओं की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह उपलब्धि कृषि महाविद्यालय के लिए गौरव का विषय है।