छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती का हैरान करने वाला मामला: 100 में 6 नंबर पाने वाला भी बना टीचर, जांच के आदेश
Raipur News: छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट इंग्लिश मीडियम स्कूलों में संविदा शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया सवालों के घेरे में आ गई है। भर्ती परीक्षा में महज 6 अंक हासिल करने वाले अभ्यर्थी का भी चयन कर लिया गया। यही नहीं, कुछ उम्मीदवारों को 9.25 और 10 अंक मिलने के बावजूद नियुक्ति के लिए योग्य मान लिया गया। मामला सामने आने के बाद स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने जांच के निर्देश दिए है। साथ ही भविष्य की भर्तियों में कटऑफ तय करने की व्यवस्था लागू करने की बात कही है।
शिक्षा मंत्री ने मानी कटऑफ तय करने की जरूरत
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने भर्ती प्रक्रिया में सामने आई खामी पर कहा कि परीक्षा के लिए न्यूनतम कटऑफ निर्धारित होना चाहिए था। आगे होने वाली भर्तियों में इस व्यवस्था को लागू करने पर विचार किया जाएगा।
मंत्री के मुताबिक, इस परीक्षा में 200 से अधिक अभ्यर्थियों के चयन की बात सामने आई है, जबकि कई उम्मीदवार 100 अंकों के प्रश्नपत्र में 33 प्रतिशत अंक भी हासिल नहीं कर सके। इतने कम अंकों पर चयन होने से भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता और नियुक्ति के मानकों पर सवाल खड़े हो गए है।
कटऑफ सूची नहीं होने से कम अंक वाले अभ्यर्थियों का चयन
दरअसल, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट इंग्लिश मीडियम स्कूलों में लेक्चरर, शिक्षक और सहायक शिक्षक के पदों पर एक साल के लिए संविदा नियुक्तियां की गई थी। इसके लिए सेंट्रलाइज्ड कम्प्यूटरीकृत सिस्टम के माध्यम से परीक्षा आयोजित हुई थी। प्रश्नपत्र कुल 100 अंकों का था।
इस प्रक्रिया में सबसे बड़ी गड़बड़ी यह रही कि चयन के लिए कोई कटऑफ सूची जारी नहीं की गई। न्यूनतम अंक तय नहीं होने के कारण बेहद कम स्कोर करने वाले उम्मीदवार भी चयनित हो गए। कुछ अभ्यर्थियों को सिर्फ 6, 9.25 और 10 अंक मिले थे।
दुर्ग में 191 पदों के लिए निकली थी भर्ती
दुर्ग जिले के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट इंग्लिश मीडियम स्कूलों में अलग-अलग श्रेणियों के कुल 191 पदों पर भर्ती निकाली गई थी। चयन प्रक्रिया में शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी TET पास होना अनिवार्य रखा गया था। चयनित सभी अभ्यर्थियों के TET उत्तीर्ण होने की जानकारी दी गई है।
छत्तीसगढ़ लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने 26 विषयों के संविदा पदों के लिए 31 अक्टूबर से 4 नवंबर तक परीक्षा कराई थी। इस भर्ती प्रक्रिया में 1812 पदों के लिए कुल 34,604 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। अब कम अंकों पर हुए चयन को लेकर जांच के आदेश के बाद भर्ती प्रक्रिया पर सबकी नजर टिकी है।