महासमुंद : भतीजी की हत्या में शामिल फरार बड़ा पिता झारखंड के पलामू से गिरफ्तार, प्रेम विवाह से नाराज होकर की थी वारदात
जिले के थाना पटेवा क्षेत्र में करीब पांच माह पूर्व हुए चर्चित ऑनर किलिंग मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। अंतरजातीय प्रेम विवाह से नाराज होकर अपनी ही छह माह की गर्भवती भतीजी की नृशंस हत्या करने वाले फरार आरोपी राजेश सिंह (मृतिका के बड़े पिता) को पुलिस ने झारखंड के पलामू जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
तुरेंगा के खेत में मिला था युवती का शव, धारदार हथियार से की गई थी हत्या पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते 17 जून 2026 को थाना पटेवा अंतर्गत ग्राम टूररडीह से रायतुम जाने वाले मार्ग पर ग्राम तुरेंगा के पास एक खेत में अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ था। मृतिका के गले और चेहरे पर धारदार हथियार से वार के निशान थे। मामले में थाना पटेवा में अपराध क्रमांक 110/26, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत हत्या का प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान मृतिका की शिनाख्त रानी कुमारी सिंह पति प्रेम ध्रुव (19 वर्ष, निवासी बागबाहरा) के रूप में हुई। वह मूलतः झारखंड की निवासी थी और पिछले कई वर्षों से बागबाहरा में अपनी बुआ के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान उसने परिजनों की मर्जी के विरुद्ध प्रेम कुमार ध्रुव से अंतरजातीय विवाह कर लिया था।
गर्भवती होने की जानकारी के बावजूद पिता, चाचा व बड़े पिता ने रची थी साजिश पुलिस विवेचना में सामने आया कि दूसरे समाज के युवक से विवाह करने को लेकर रानी के परिजन बेहद नाराज थे। इसी आक्रोश में मृतिका के पिता उमेश सिंह, बड़े पिता राजेश सिंह और चाचा दिनेश सिंह ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची। 16 जून 2026 को तीनों आरोपियों ने रानी को उसके ससुराल से जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाया और ग्राम तुरेंगा के पास सुनसान स्थान पर ले जाकर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के समय मृतिका छह माह की गर्भवती थी, जिसकी जानकारी आरोपियों को भी थी। हत्या के बाद तीनों आरोपी अलग-अलग राज्यों में फरार हो गए थे।
सूरत से पिता के बाद अब झारखंड के जंगलों से बड़ा पिता गिरफ्तार मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पूर्व में मुख्य आरोपी एवं मृतिका के पिता उमेश सिंह को सूरत (गुजरात) से गिरफ्तार कर लिया था। वहीं फरार चल रहे आरोपी राजेश सिंह के अपने गृह ग्राम कजरूखुर्द, जिला पलामू (झारखंड) के पास जंगलों में छिपे होने की पुख्ता सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। इस प्रकरण में शामिल तीसरे आरोपी एवं मृतिका के चाचा दिनेश सिंह की पतासाजी जारी है।