कोमाखान में बस का इंतजार कर रहा ओडिशा का गांजा तस्कर गिरफ्तार, बैग से ₹1.59 लाख का गांजा बरामद
ऑपरेशन निश्चय' के तहत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में थाना कोमाखान पुलिस ने ओडिशा के एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने काली मंदिर टेमरी के पास बस का इंतजार कर रहे आरोपी के बैग से 3.190 किलोग्राम गांजा (अनुमानित कीमत ₹1,59,500) और एक मोबाइल फोन सहित कुल ₹1,60,000 की संपत्ति जब्त की है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मुखबिर की सूचना पर काली मंदिर टेमरी के पास घेराबंदी पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) के निर्देशों के परिपालन में जिले भर में अवैध मादक पदार्थों के परिवहन और बिक्री के विरुद्ध लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना कोमाखान पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि काली मंदिर टेमरी के पास एक व्यक्ति बैग में अवैध गांजा रखकर बस का इंतजार कर रहा है।
सूचना की तस्दीक करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और वहां संदिग्ध अवस्था में बस के इंतजार में खड़े एक युवक को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में युवक ने अपना नाम आलेख जगत पिता अर्जुन जगत (26 वर्ष, निवासी ग्राम माकरागुड़ा, थाना केगांव, जिला कालाहांडी, ओडिशा) बताया।
ओडिशा के कालाहांडी से रायपुर ले जा रहा था गांजा पुलिस टीम ने संदेही को मुखबिर सूचना से अवगत कराते हुए उसके पास रखे बैग की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से 3.190 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह यह गांजा ओडिशा के केगांव (जिला कालाहांडी) से लेकर रायपुर (छत्तीसगढ़) जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹1,59,500 कीमती 3.190 किलो गांजा तथा ₹500 कीमती एक मोबाइल फोन (कुल ₹1,60,000 का मशरूका) जब्त किया। आरोपी का कृत्य दंडनीय पाए जाने पर थाना कोमाखान में अपराध क्रमांक 220/2026, धारा 20(B)(II)(B) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।