मतदाता दिवस पर राजधानी में तहसीलदार शंकरलाल सिन्हा का सम्मान - CG Sandesh

मतदाता दिवस पर राजधानी में तहसीलदार शंकरलाल सिन्हा का सम्मान

बलौदाबाजार,25 जनवरी 2020/राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मौके पर निर्वाचन सम्बन्धी बेहतरीन कार्यों के लिए जिले के कसडोल के तहसीलदार श्री शंकरलाल सिन्हा को सम्मानित किया गया है। राज्य मुख्य सूचना आयुक्त श्री एम.के.राऊत, राज्य निर्वाचन आयुक्त ठाकुर रामसिंह और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती रीना बाबा साहेब कंगाले ने आज राजधानी रायपुर के पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है।

गौरतलब है सम्मान के अंतर्गत राज्य के प्रत्येक राजस्व संभाग से एक राजस्व अधिकारी का चयन किया जाना था। रायपुर संभाग के अंतर्गत कार्यरत सैकड़ों राजस्व अधिकारियों में से श्री सिन्हा का चयन बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के लिए गौरव का विषय है। श्री सिन्हा को यह सम्मान लोकसभा चुनाव के पूर्व मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में सहायक पंजीकरण अधिकारी के रूप में उल्लेखनीय कार्य के लिए प्रदान किया गया है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कार्तिकेया गोयल एवं अपर कलेक्टर श्री जोगेंद्र नायक ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए तहसीलदार श्री शंकरलाल सिन्हा को बधाई और शुभकामनाएं दी है।


author

पल्लवी मंडावी

पल्लवी मंडावी पत्रकारिता (जर्नलिज्म) में स्नातक हैं और उन्हें मीडिया के क्षेत्र में 7 वर्षों का लंबा और गहन जमीनी अनुभव है। एक प्रखर स्वतंत्र लेखिका (Independent Writer) के रूप में विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों में उनके लेख प्रकाशित होते रहते हैं। पल्लवी सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर बेहद बेबाकी से लिखती हैं और अपनी धारदार लेखनी के माध्यम से जनसरोकार की आवाज़ को प्रमुखता से सबके समक्ष रखती हैं।
अन्य सम्बंधित खबरें