गाड़ी छाप को संगठन का हाथ, पतंग को विधायक का साथ, दोनों प्रत... - CG Sandesh

गाड़ी छाप को संगठन का हाथ, पतंग को विधायक का साथ, दोनों प्रत्याशी बता रहे कांग्रेस से अधिकृत हैं हम

 बिलाईगढ विधानसभा में बिखरी कांग्रेस ,जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 16 कसडोल मे घमासान

( सेवक दास दीवान की खास रिपोर्ट)

बलौदाबाजार-बलौदाबाजार जिले के बिलाईगढ विधानसभा क्षेत्र में दो दो राह नजर आ रहे हैं। एक ओर विधायक चल पड़े हैं दूसरी ओर कांग्रेस का संगठन चल पड़ा है। यह हालात जिला पंचायत बलौदाबाजार क्षेत्र क्रमांक 16 कसडोल इस क्षेत्र के चुनाव में कांग्रेस के दो भागों में बंटे होने से मतदाताओं मे असमंजस की स्थिति बनी हुई है। यहां से प्रत्याशी अघरिया समाज के चुनावी जंग के मैदान में होने से सामाजिक धुव्रीकरण के भी कोई आसार नज़र नहीं आ रहा है।

वहीं आम मतदाताओ के अलावा अघरिया समाज में भी तीखी प्रतिक्रिया सुनने को मिल रही है। फिलहाल यहाँ जिला पंचायत सदस्य को लेकर मुकाबला काफी रोचक और घमासान है। विधायक का खेमा और कांग्रेस संगठन में बंटे होने के कारण इसका फायदा क्षेत्र के एक दबंग और मृदुभाषी सहज सरल मिलनसार प्रत्याशी शेख अलीमुद्दीन की राह आसान नजर आ रही है। कार्यकर्ताओं के जन सैलाब और जनमानस की भीड़ को देखकर प्रतीत हो रहा है कि क्षेत्र की मतदाताओं का रूझान इनके तरफ दिखाई दे रहा है।

चुनावी अटकलों का बाजार तो यही कह रहा है कि यहां के चुनावी जंग में मुकाबला चतुष्कोणीय हो जायेगा। इस क्षेत्र के लिए कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी अपने आप को दोनों बता रहे हैं। ताजा चुनावी परिस्थिति में कांग्रेस का पूरा संगठन नलकुमार पटेल गाड़ी चुनाव चिन्ह के साथ खड़ा नजर आ रहा है। वहीं क्षेत्रीय विधायक का टीम श्रीमती मीना सुशील पटेल पतंग छाप के साथ दिखाई दे रहा है।

कांग्रेस आलाकमान की ओर से अभी तक यहाँ पार्टी अनुशासन को लेकर किसी भी प्रकार से शिकंजा नहीं कसा है। नतीजतन कांग्रेस के आम कार्यकर्ता और पदाधिकारी उलझन में हैं। अंचल से जो खबरें छनकर सामने आ रही है,उसके मुताबिक कुशगढ निवासी शेख अलीमुद्दीन रज्जू भैय्या सिलाई मशीन छाप का माहौल दिखाई दे रहा है।

जिला कांग्रेस कमेटी बलौदाबाजार के अध्यक्ष दिनेश यदु से संचार के माध्यम से चर्चा हुईं उन्होंने कहा कि जिला समन्वय समिति से नलकुमार पटेल ब्लाक अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी सोनाखान का नाम तय हुआ है।

वहीं श्रीमती मीना सुशील पटेल के निर्वाचन अभिकर्ता युधिष्ठिर नायक ने गिरीश देवांगन महामंत्री प्रदेश कांग्रेस कमेटी का हस्ताक्षर युक्त पत्र दिखाया जिसमें श्रीमती मीना सुशील पटेल को अधिकृत किया गया है। 

गौरतलब है कि इधर भाजपा ने जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 16 से संजय यादव को अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाया है। संजय यादव भी अपना प्रचार अभियान तेज कर दिया है। वैसे और भी प्रत्याशी जिला पंचायत चुनाव में अपनी किस्मत आजमाने मैदान पर डटे हुए हैं। अब समय ही बता पायेगा कि जीत का सेहरा किसके सर पर जाता है।

अन्य सम्बंधित खबरें