तीसरे और अंतिम चरण का मतदान कल 3 फरवरी को  - CG Sandesh

तीसरे और अंतिम चरण का मतदान कल 3 फरवरी को

लगभग 5.93 लाख मतदाता 1 हज़ार 130 मतदान केन्द्रों में डालेंगे वोट

सवेरे 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान

पंचायत प्रतिनिधियों के 4 हज़ार 231 पदों के लिए 11 हज़ार 890 प्रत्याशी चुनाव मैदान में

मतदान की समाप्ति के बाद केन्द्रों पर ही होगी मतगणना

कलेक्टर-एसपी ने किया संवेदनशील मतदान केंद्रों का दौरा

बलौदाबाजार, 2 फरवरी 2020/पंचायती राज निर्वाचन के तीसरे और अंतिम चरण के अंतर्गत कल 3 फरवरी को जिले के बलौदाबाजार, पलारी, सिमगा और भाटापारा विकासखण्ड में मतदान होंगे। पंच, सरपंच, जनपद सदस्य और जिला पंचायत सदस्यों के कुल 4 हज़ार 231 पदोंके लिए 11 हज़ार 890 प्रत्याशी चुनाव मैदान में जोर-आजमाईश कर रहे हैं। इनमें पंच के 3 हज़ार 728 पदों के लिए 9 हज़ार 444 प्रत्याशी, सरपंच के 389 पदों के लिए 1 हज़ार 895 उम्मीदवार, जनपद सदस्य के 100 पदों के लिए 480 प्रत्याशी और जिला पंचायत सदस्य के 14 पदों के लिए कुल 71 प्रत्याशी अपना चुनावी भाग्य आजमा रहे हैं। मतदान सवेरे 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित मतदान केन्द्रों पर होंगे। मतदान दलों को सम्बन्धित जनपद मुख्यालयों से चुनाव सामग्री वितरित कर अपने-अपने गंतव्य मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया गया।

गौरतलब है कि तीसरे चरण के मतदान में जिले में लगभग 5 लाख 93 हज़ार मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 2 लाख 98 हज़ार पुरुष, 2 लाख 95 हज़ार महिला और 3 मतदाता तृतीय लिंग समुदाय के शामिल हैं। तीसरे चरण में मतदान केन्द्रों की संख्या 1 हज़ार 130 है। बलौदाबाजार विकासखण्ड के 269 मतदान केन्द्रों पर कल 3 फरवरी को पंच, सरपंच, जनपद सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्यों के लिए मतदान होंगे। लगभग 1 लाख 72 हजार मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। विकासखण्ड में निर्विरोध निर्वाचित हो चुके सदस्यों को छोड़कर कल 1 हज़ार 23 पंच पदों के लिए 2 हजार 849 प्रत्याशी, सरपंच के 101पदों के लिए 528 प्रत्याशी तथा जनपद सदस्यों के 25 पदों के लिए 138 प्रत्याशी चुनाव मैदान में अपना भाग्य आजमा रहे हैं। पलारी विकासखण्ड में 3 फरवरी को लगभग 1 लाख 57 हजार मतदाता 280 मतदान केन्द्रों पर अपना वोट डालेंगे। पलारी में निर्विरोध चुनाव को छोड़कर पंच के 1 हज़ार 23 पदों के लिए 2 हजार 659 उम्मीदवार, सरपंच के 100 पदों के लिए 517 उम्मीदवार तथा जनपद सदस्यों के 25 पदों के लिए 122 प्रत्याशी चुनाव मैदान में लोहा ले रहे हैं।

सिमगा विकासखण्ड में मतदान केन्द्रों की संख्या 361 है। लगभग 1 लाख 49 हज़ार मतदाता इन केन्द्रों पर मतदान करेंगे। निर्विरोध निर्वाचित हो चुके पदों को छोड़कर सिमगा में पंच के 936 पदों पर 2 हज़ार 361 प्रत्याशी, सरपंच के 98 पदों पर 469 प्रत्याशी तथा जनपद सदस्य के 25 पदों पर 127 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। भाटापारा विकासखण्ड में 1 लाख 14 हज़ार वोटर 220 मतदान केन्द्रों में वोट डालेंगे। निर्विरोध चुनाव को छोड़कर भाटापारा में पांच के 665 पदों के लिए 1 हज़ार 575 उम्मीदवार, सरपंच के 90 पदों पर 381 उम्मीदवार, जनपद सदस्यों के 25 पदों पर 93 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।बलौदाबाजार, भाटापारा, पलारी एवं सिमगा चारों विकासखण्ड को मिलाकर 14 जिला निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 71प्रत्याशी चुनाव मैदान हैं।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं संयुक्त कलेक्टर इंदिरा देवहारी ने बताया कि कल 3 फरवरी को मतदान के लिए संपूर्ण तैयारियां पूर्ण हो गई है। लगभग 5 हज़ारअधिकारी-कर्मचारियों को मतदान कराने के लिए ड्यूटी पर लगाया गया है। सवेरे 7 बजे से लेकर दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। मतदान की समाप्ति के उपरांत मतदान केन्द्रों पर ही यथासम्भव मतगणना होगी। यदि किसी कारण से मतदान केन्द्रों पर गणना संभव नहीं हो पाया तो दूसरे दिन 4 फरवरी को जनपद पंचायत मुख्यालयों पर गणना किया जायेगा। पंच,सरपंच एवं जनपद सदस्यों के लिए सारणीकरण एवं परिणाम की घोषणा विकासखण्ड मुख्यालयों पर 5 फरवरी को सवेरे 9 बजे से किया जायेगा। जिला पंचायत सदस्यों के परिणामों की घोषणा 6फरवरी को सवेरे 10.30 बजे से जिला कार्यालय में की जायेगी।

निर्वाचन संबंधी शिकायतों एवं सूचनाओं की जानकारी के लिए जिला स्तरीय एवं विकासखण्ड स्तरीय नियंत्रण कक्ष को सक्रिय कर दिया गया है। जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष के प्रभारी प्रीति बंछोर जिला खेल अधिकारी एवं उप संचालक पंचायत आशा शुक्ला को बनाया गया है। प्रीति बंछोर का मोबाईल नम्बर 9806669903 एवं आशा शुक्ला का मोबाईल नम्बर 9109804083 है। स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव के लिए प्रत्येक मतदान केन्द्र पर पुलिस एवं सुरक्षा बलों की मतदान केन्द्रों पर स्थाई रूप से ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और मजिस्ट्रेटों के नेतृत्व में पेट्रोलिंग पार्टी भी मतदान केन्द्रों एवं गांवों का नियमित रूप से फेरा लगाते रहेगी। लोगों को निर्भय होकर चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा लेने के लिए भरोसा दिलाने हेतु संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा बलों ने फ्लैग मार्च भी किया है।



अन्य सम्बंधित खबरें