बलौदाबाजार  : जिले में 10 वीं और 12 वीं की प्री-बोर्ड परीक्ष... - CG Sandesh

बलौदाबाजार : जिले में 10 वीं और 12 वीं की प्री-बोर्ड परीक्षा 8 फरवरी से

बलौदाबाजार, 2 फरवरी 2020/ जिले में कक्षा 10 वीं और 12 वीं के विद्यार्थियों की प्री-बोर्ड परीक्षा 8 फरवरी से आयोजित की जा रही है, जो कि 15 फरवरी तक चलेगी। प्री-बोर्ड परीक्षा से बच्चों को वास्तविक रूप से बोर्ड परीक्षा के पैटर्न की जानकारी के साथ ही अपनी तैयारी के आकलन का मौका मिलेगा। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा निर्धारित सिलेबस के अनुरूप प्रश्नपत्र तैयार किये जायेंगे। जिसे सभी प्राचार्य अपने खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से प्राप्त करेंगे। सब कुछ बोर्ड परीक्षा की तर्ज़ पर होगा ताकि बच्चे परीक्षा के वास्तविक माहौल को महसूस करते हुये तनाव रहित वातावरण में बोर्ड की वार्षिकपरीक्षा दे सकें। इस परीक्षा से बच्चों के कमज़ोर पक्ष की पहचान कर समय रहते इन्हें दूर करने में भी मदद मिलेगी।

जिला शिक्षा अधिकारी श्री आर.के.वर्मा ने बताया कि 8 फरवरी से 10 वीं और 12 वीं दोनों की परीक्षा साथ-साथ शुरू होगी। दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक लगातार तीन घण्टे की परीक्षा होगी।उन्होंने बताया कि दसवीं की परीक्षा 8 फरवरी को अंग्रेज़ी, 10 फरवरी को गणित, 11 फरवरी को सामाजिक विज्ञान, 12 फरवरी को संस्कृत अथवा व्यावसायिक शिक्षा का विषय, 13 फरवरी को विज्ञान और 14 फरवरी को हिन्दी विषय का पेपर होगा। इसी प्रकार 12 वीं कक्षा की परीक्षा 8 फरवरी को इतिहास या भौतिक शास्त्र अथवा व्यवसाय अध्ययन का पर्चा होगा। इसके बाद 10 फरवरी को अंग्रेज़ी, 11 फरवरी को भूगोल या गणित या जीव विज्ञान या लेखा शास्त्र, 12 फरवरी को हिन्दी, 13 फरवरी को अर्थशास्त्र, 14 फरवरी को राजनीति विज्ञान या रसायन शास्त्र और अन्त में 15 फरवरी को व्यावसायिक विषय का पर्चा होगा। श्री वर्मा ने बताया कि परीक्षा की समाप्ति के तत्काल बाद शिक्षकों द्वारा स्कूल में ही पेपर का मूल्यांकन किया जायेगा। स्कूल पूरे समय तक लगेगी।


अन्य सम्बंधित खबरें