ब्रांडेड शराब की पैकिंग खोल कर उसमें कर रहे थे मिलावट, पुलिस ने दबिश देकर किया 10 लोगों को गिरफ्तार.
महासमुंद के एकता चौक शराब दुकान से बीती रात शराब में मिलावट करते हुए पुलिस ने शराब दुकान के 2 प्लेसमेंट कर्मचारी और 8 अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से मिलावट के लिए लाए गए नकली ब्रांडेड शराब की बोतल, नकली ढकक्न बरामद किया गया है. इसके साथ ही कल शराब दुकान से बिक्री की करीब साढ़े 4 लाख रुपए की रकम भी गायब बताई जा रही है.
प्राप्त जानकारी अनुसार कल रात लगभग 10.30 बजे एकता चौक शराब दुकान के कर्मचारी ब्रांडेड शराब की पैकिंग खोल कर उसमें मिलावट कर रहे थे, जिन्हें पुलिस ने सुचना मिलने पर रात में ही दबिश देकर कर्मचारियों को मिलावट करते रंगे हाथों पकड़ा. जानकारी के अनुसार शहर के कुछ जाने माने परिवार के लोगों का इस शराब दुकान से जुड़ा होना बताया जा रहा है.
बताया जा रहा है कि दुकान में दो प्लेसमेंट के कर्मचारी थे और 8 व्यक्ति बाहर के. जिसके पास से आबकारी विभाग और पुलिस ने दुकान से ब्रांडेड शराब की खाली बोतल, सील पेंकिंग के लिए रखे खाली ढक्कन और अन्य सामान जो मिलावट करने के लिए उपयोग में लाये जाते थे वह बरामद किया है. इसके साथ ही कल की बिक्री का साढ़े 4 लाख रुपए भी दुकान से गायब बताया जा रहा है.
मामले में पुलिस दीपक साहू, चंद्रप्रकाश चौहान, नितिनराज पुरोहित, धनेश्वर मन्नाडे, सितल मन्नाडे, लेखराम साहू, मोहन पटेल, मोहित कुमार और अन्य लोगों पर 409, 471, 420 और 120 बी के तहत कार्रवाई कर रही है.