गिरौदपुरी मेला की तैयारियां पूर्ण, 28 फरवरी से हो रहा शुरू
बलौदाबाजार, 27 फरवरी 2020/संत शिरोमणि बाबा गुरू घासीदास की तपोभूमि गिरौदपुरी में गुरूदर्शन मेला कल 28 फरवरी से शुरू हो रहा है। यह मेला तीन दिनों तक अर्थात् 1 मार्च तक चलेगा। लाखों की संख्या में देश-विदेश से बाबा के अनुयायी इस दौरान दर्शन के लिए जुटते हे। मेले में लोगों की बुनियादी सुविधाएं एवं कानून व्यवस्था संबंधी तमाम प्रशासनिक तैयारियां पूर्ण कर ली गई है।
मेले के सुचारू संचालन के लिए अनुविभागीय अधिकारी कसडोल को मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है। पूरे मेला परिसर को सेक्टरों में बांटकर विभाग के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। मुख्य मेला परिसर, कुतुबमीनार से भी ऊंचा नवनिर्मित जैतखाम, अमृत कुण्ड, महराजी, छाता पहाड़, पंचकुण्डी, जन्म स्थली आदि सेक्टरों में पुलिस, पीएचई, स्वास्थ्य, विद्युत विभाग के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
जिले के सभी नगरीय निकाय के सफाई कर्मचारियों को पृथक-पृथक विभिन्न सेक्टरों में कार्य दायित्व सौंपे गए है। अत्यधिक भीड़ वाले स्थानों में बायो टायलेट की व्यवस्था की गई है। पूरे मेला परिसर में 15 स्थानों पर 200 से भी अधिक समूहों द्वारा दाल-भात केन्द्र के माध्यम से श्रद्धालुओं को रियायती दर पर मात्र दस रूपये में भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। मेला विकास समिति में लिये गये निर्णय अनुसार दस किमी के क्षेत्र में मेला के दौरान मांस-मदिरा और तम्बाखू गुटखा का प्रतिबंधित किया गया है। प्लास्टिक और कैरीबेग के उपयोग पर प्रतिबंध लगाते हुए श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील की गई है। पूरे परिसर में पुलिस सुरक्षा बल के साथ-साथ चप्पे-चप्पे पर पूरे राज्य भर से आये 20 कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी पृथक से लगाई गई है। 10 सीसीटीवी भी लगाये गये है। सभी स्थानों पर पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित कर ली गई है।