DRG के जवान को अगवा कर ले गए नक्सली, फिर उतार दिया मौत के घाट
नक्सलियों ने DRG के जवान की हत्या कर शव सड़क पर फेंका
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सलियों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देकर दहशत फैलाने की कोशिश की है। यहां माओवादियों ने एक सहायक आरक्षक को मौत के घाट उतार दिया है। दोरनापाल थाना क्षेत्र का यह पूरा मामला है।
जानकारी के मुताबिक, डीआरजी में सहायक आरक्षक के रूप में तैनात जवान की नक्सलियों ने हत्या की है। मृत जवान का नाम कड़ती कन्ना है। नक्सलियों ने एक दिन पहले इसे अगवा कर लिया था। गुरूवार को गांव के पास जंगल में सहायक आरक्षक का शव पड़ा मिला।
बताया जा रहा है कि सहायक आरक्षक कड़ती कन्ना अपने गांव आरगट्टा गया हुआ था। इसकी सूचना मिलते ही नक्सली गांव में पहुंचे और उसे उठा कर अपने साथ लेकर चले गए।
बीती रात माओवादियों ने अपहृत डीआरजी के जवान की हत्या कर दी और शव गाँव के समीप जंगल में फेंक दिया। खबर है कि मृत जवान की पत्नी पंच है और इसे लेकर वह गांव गया हुआ था। इस बात की भनक लगते ही नक्सलियों ने पहले उसे अगवा कर लिया फिर निर्मम हत्या कर दी।