कोरोना से बचाव के लिए प्रशासन ने उठाये कई एहतियाती कदम - CG Sandesh

कोरोना से बचाव के लिए प्रशासन ने उठाये कई एहतियाती कदम

नगरीय क्षेत्रों में प्रतिबंधात्मक धारा 144 लागू

अधिकारी-कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द, मुख्यालय में रहने निर्देश

बाहर से आने वाले लोगों की जानकारी प्रशासन को दें

भीड़-भाड़ से दूर रहने कलेक्टर की अपील

कलेक्टर-एसपी की संयुक्त प्रेसवार्ता

बलौदाबाजार,18 मार्च 2020/ कोरोना वायरस से आम जनता को सुरक्षित रखने एवं इसके संक्रमण से बचाव के लिए जिला प्रशासन द्वारा अनेक एहतियाती कदम उठाये गये हैं। जिले की नगरीय क्षेत्रों में प्रतिबंधात्मक धारा 144 तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त कर उन्हें मुख्यालयों में सतर्क रहने कहा गया है। कलेक्टर श्री कार्तिकेया गोयल एवं एसपी नीतुकमल ने आज संयुक्त रूप से प्रेसवार्ता आयोजित कर कोरोना वाइरस से बचाव के लिए की गई प्रशासनिक तैयारियों की विस्तार से जानकारी से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस संक्रामक बीमारी से घबराने की जरूरत नहीं हैं। सामूहिक मेल-मिलाप के कार्यक्रम को कुछ दिनों के लिए स्थगित कर हम अपना बचाव स्वयं कर सकते हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं आम जनता को इस भयानक बीमारी से लड़ने में सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि टोल फ्री नम्बर 104 अथवा 07727-223532 पर कोराने वायरस के संबंध में सूचना का आदान-प्रदान किया जा सकता है।

कलेक्टर श्री गोयल ने बताया कि हमारे छत्तीसगढ़ में पहला केस दर्ज होने और रायपुर जिले की सीमा से हमारे जिले के सटे होने के कारण प्रशासन ने अपनी तैयारियां और तेज कर दी हैं। उन्होंने बताया कि सरकारी अस्पतालों के साथ ही निजी अस्पतालों में भी आईसोलेशन वार्ड तैयार कर लिये गये हैं। दोनों मिलाकर लगभग 70 वार्ड तैयार हैं। हालांकि अभी एक भी प्रकरण वायरस के अपने जिले में सामने नहीं आये हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को मिलने जुलने से रोकना कोरोना वायरस से बचाव का सर्वश्रेष्ठ तरीका है। जिला प्रशासन इस बीमारी के नहीं होने देने और इलाज दोनों ओर ध्यान केन्द्रित किये हुए है। उन्होंने कहा कि जिले से अंतर्राज्यीय बस सेवा पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। स्थानीय यात्री वाहनों में भी परमिट से ज्यादा यात्री ले जाने पर रोक है। आरटीओ एवं पुलिस इन बसों की सख्ती से जांच करेगी। यात्री वाहनों को प्रति दिन संक्रमण मुक्त करने के लिए ब्लीचिंग घोल से धुलाई करने के निर्देश हैं। जिले की सभी जगहों पर चैपाटी-ठेले बंद रखे जाएंगे। साप्ताहिक बाजार एवं किराना दुकान बंद नहीं होंगे। जेल में बंदियों से मिलने -जुलने वालों पर रोक लगा दी गई है।

कलेक्टर ने बताया कि सार्वजनिक जगलों पर शादी-विवाह के लिए अनुमति नहीं दी जायेगी। लोग-बाग अपने निजी घरों में शादी समारोह कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि सार्वजनिक समारोह टाला जा सकता है, तो टाल लेना चाहिये। उन्होंने धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों को भी यथासंभव व्यापक जनहित में स्थगित करने का अनुरोध किया है। जिला प्रशासन ने भी मीटिंग को लगभग स्थगित कर दिए हैं। जरूरत पड़ने पर वीडियो कान्फ्रेंसिंग का सहारा लिया जा रहा है। कलेक्टर ने सभी लोंगों को व्यक्तिगत स्वच्छता पर खास विशेष ध्यान देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सफाई के लिए हाथ धोने का कोई तोड़ नहीं हैं। इसके लिए हर घर में उपलब्ध साबुन ही पर्याप्त है। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि लोगों की सजगता से एक भी प्रकरण नहीं आये। यदि आ भी जाये तो इसका मुकाबला करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। एसपी नीतुकमल ने कहा कि कोरोना वायरस से पीड़ित व्यक्ति का मीडिया में नाम नहीं आने देने चाहिये। उन्होंने भ्रामक जानकारी से बचने की अपील मीडिया जनों से की। कोरोना वायरस के स्वास्थ्य विभाग के नोडल अफसर डा. राकेश कुमार प्रेमी ने वायरस एवं इससे बचाव के वैज्ञानिक पहलुओं से अवगत कराया।इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री जोगेन्द्र नायक, जिला पंचायत के सीईओ श्री आशुतोष पाण्डेय, एडिशनल एसपी निवेदिता पाल सहित इलेक्ट्रानिक एवं प्रिन्ट मीडया के प्रतिनिधि उपस्थित थे।


author

पल्लवी मंडावी

पल्लवी मंडावी पत्रकारिता (जर्नलिज्म) में स्नातक हैं और उन्हें मीडिया के क्षेत्र में 7 वर्षों का लंबा और गहन जमीनी अनुभव है। एक प्रखर स्वतंत्र लेखिका (Independent Writer) के रूप में विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों में उनके लेख प्रकाशित होते रहते हैं। पल्लवी सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर बेहद बेबाकी से लिखती हैं और अपनी धारदार लेखनी के माध्यम से जनसरोकार की आवाज़ को प्रमुखता से सबके समक्ष रखती हैं।
अन्य सम्बंधित खबरें