भैंसा पसरा सब्जी मार्केट बंद, लोगों की सुविधा के लिए नगर के हर वार्ड में सब्जी की दुकान
कोरोनो के खिलाफ जंग में सहयोग करने कलेक्टर की अपील
बलौदाबाजार, 24 मार्च 2020/जिला मुख्यालय के भैंसा पसरा स्थित सब्जी मार्केट को बंद करा दिया गया है। अत्यधिक भीड़-भाड़ में कोरोना संक्रमण की प्रबल संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा यह फैसला किया गया है। लोगों की सुविधा के लिए नगरपालिका परिषद की सभी 21 वार्डों में सब्जी की दुकान लगायें जाएंगे। नगरपालिका द्वारा सब्जी विक्रेताओं को वार्ड वार स्थल आवंटित कर कल 25 तारीख से सब्जी की दुकान लगाने के निर्देश जारी किये गये हैं। बाकायदा उन्हें नगरपालिका द्वारा परिचय पत्र भी जारी किया गया है ताकि कोई उन्हें परेशान ना करें। कलेक्टर श्री कार्तिकेया गोयल ने शहर के नागरिकों को अपने-अपने वार्डों की दुकान में सब्जी लेकर कोरोना वायरस से लड़ाई के महाअभियान में हिस्सेदारी निभाने की अपील की है। भाटापारा नगरपालिका क्षेत्र में भी गली-मोहल्लों में सब्जी की दुकान खोल दी गई है।
उल्लेखनीय है कि भैंसा पसरा में सब्जी की सघन मार्केट होने के कारण हजारों की भीड़ वहां हर समय जमा होती है। शाम के समय तो यह भीड़ और ज्यादा हो जाती है। यह भीड़ एक प्रकार से कोरोना वायरस को आमंत्रित करती नजर आती है। लोगों को सुरक्षित रखने की जवाबदारी का निर्वहन करते हुए प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से इसे आगामी आदेश तक के लिए बंद कर दिया है। कलेक्टर श्री कार्तिकेय गोयल के निर्देश पर संयुक्त कलेक्टर श्री अरविंद पाण्डेय एवं एसडीएम लवीना पाण्डेय ने सब्जी मार्केट संघ के अध्यक्ष एवं नगरपालिका अधिकारियों के साथ चर्चा कर इसका समाधान निकाला है। कोरोना से बचाव के साथ-साथ लोगों की सुविधा का भी ख्याल रखा गया है। लोग अब अपनी सुविधा के अनुसार अपने वार्ड में ही पसंद के अनुरूप सब्जी खरीद कर सकेंगे। प्रत्येक वार्ड में 4-4 सब्जी विके्रताओं को उनकी सुविधा के अनुसार स्थल आबंटित किया गया है। इसके अलावा प्रशासन द्वारा ठेले में ले जाकर घर-घर सब्जी बेचने का प्राथमिकता दी जा रही है।
नगरपालिका कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 1 में पम्प हाऊस के सामने, वार्ड क्रमांक 2 में इंदिरा काॅलोनी प्राथमिक शाला के पास, वार्ड क्रमांक 3 में रंगमंच दुर्गा मंदिर चबूतरा, वार्ड क्रमांक 4 में महात्मां गांधी गार्डन के सामने, वार्ड क्रमांक 5 में सामुदायिक भवन के सामने, वार्ड क्रमांक 6 में दशहरा मैदान,वार्ड क्रमांक 7 में पुराना बस स्टैण्ड, वार्ड क्रमांक 8 में देवराहा तालाब पार पटेल पारा,वार्ड क्रमांक 9 में शिव चैक, वार्ड क्रमांक 10 में मनोहर दास वैष्णव स्कूल के पास, वार्ड क्रमांक 11में दशरमा रोड रंगमंच, वार्ड क्रमांक 12 में सामुदायिक भवन रामसागर पार, वार्ड क्रमांक 13 में बेसिक शाला, वार्ड क्रमांक 14 में बालक शाला, वार्ड क्रमांक 15 में गणेश चैक चर्च के पास,वार्ड क्रमांक 16 में नगर भवन, वार्ड क्रमांक 17 रिसदा रोड मंदिर के पास, वार्ड क्रमांक 18 में कन्या उमावि के पास, वार्ड क्रमांक 19 सद्भावना चैक गार्डन चैक, वार्ड क्रमांक 20 में 29 क्वार्टर के सामने पूर्व विधायक निवास तथा वार्ड क्रमांक 21 में नया बस स्टैण्ड के पीछे तथा भाटापारा रोड कृष्णायन कॉलोनी में भी सब्जी दुकान लगाने के लिए अधिकृत किया गया है।