मनरेगा काम नहीं होने से कर्मचारी हो सकते हैं वेतन से वंचित, ... - CG Sandesh

मनरेगा काम नहीं होने से कर्मचारी हो सकते हैं वेतन से वंचित, काम शुरू करने जिला पंचायत सीईओ के कड़े निर्देश

बलौदाबाजार, 7 अप्रैल 2020/ जिला पंचायत के सीईओ श्री आशुतोष पाण्डेय ने मनरेगा के तहत गांवों में श्रम मूलक कार्यों को तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सोशल डिस्टेंसिंग सहित कोविद प्रोटोकॉल के अंतर्गत काम जारी रखने में कोई अड़चन नहीं है। राज्य शासन के भी इस संबंध स्पष्ट निर्देश हैं। मनरेगा कार्यों की प्रगति का यह उचित समय भी है। यदि वर्तमान में काम आगे नहीं बढ़ पाया तो इस योजना के अंतर्गत काम करने वाले लगभग 1 हज़ार कर्मचारियों को वेतन के लाले पड़ सकते हैं। क्योंकि मनरेगा खर्च के अनुपात में ही उसका एक निश्चित हिस्सा वेतन और प्रशासनिक कार्यों में खर्च किया जा सकता है। कर्मचारियों के वेतन और प्रशासनिक कार्यो के लिए नियमों में अलग से राशि का प्रावधान नहीं होता है। फिलहाल सभी ग्राम पंचायतों में रोज़गार सहायक, जनपदों में तकनीकी सहायक, कंप्यूटर ऑपरेटर, एपीओ आदि कर्मचारी कार्यरत हैं। सीईओ ने बताया कि जिले में मनरेगा के अंतर्गत लगभग 4.5 लाख श्रमिक पंजीकृत हैं। कोरोना संक्रमण और लॉक डाउन के चलते सप्ताह भर से केवल 2 हज़ार श्रमिक प्रति दिन काम में आ रहे हैं। श्री पांडेय ने सभी सरपंचों और पंचायत जनप्रतिनिधियों को मनरेगा के काम जारी रखने कहा है। उन्होंने श्रमिकों को भी कोरोना से बचाव के उपायों को अपनाते हुए काम में आने की अपील की है।


author

पल्लवी मंडावी

पल्लवी मंडावी पत्रकारिता (जर्नलिज्म) में स्नातक हैं और उन्हें मीडिया के क्षेत्र में 7 वर्षों का लंबा और गहन जमीनी अनुभव है। एक प्रखर स्वतंत्र लेखिका (Independent Writer) के रूप में विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों में उनके लेख प्रकाशित होते रहते हैं। पल्लवी सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर बेहद बेबाकी से लिखती हैं और अपनी धारदार लेखनी के माध्यम से जनसरोकार की आवाज़ को प्रमुखता से सबके समक्ष रखती हैं।
अन्य सम्बंधित खबरें