news-details

मुख्यमंत्री वार्ड कार्यालय: मोहल्ले में ही हो रहा है लोगों की शिकायतों-समस्याओं का त्वरित समाधान

राज्य सरकार द्वारा नगरीय क्षेत्रों में आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान अब उनके मोहल्ले में ही मुख्यमंत्री वार्ड कार्यालय से हो रहा है। इससे लोगों के जोन कार्यालय अथवा मुख्य नगर निगम कार्यालय जाने से निजात मिल रही है। वही नागरिकों का समय भी बच रहा हैं।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल की मंशा अनुरूप नगरीय निकायों में निवासरत नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री वार्ड कार्यालय का संचालन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल ने शहरी निवासियों को स्थानीय स्तर पर ही छोटी-मोटी समस्याओं के निराकरण के लिए 2 अक्टूबर 2019 को मुख्यमंत्री वार्ड कार्यालय का शुभारंभ किया था। प्रदेश के 14 नगर निगमों में 101 वार्ड कार्यालयों में नागरिकों के 13 हजार 983 शिकायतों-समस्याएं प्राप्त हुई थी। इनमें से 13 हजार से अधिक शिकायतों-समस्याओं का त्वरित निराकरण कर लिया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि वार्ड कार्यालयों में साफ-सफाई, सड़कों का निर्माण, नालियों का निर्माण, नालियों का संधारण, स्ट्रीट लाईट संधारण, उद्यान तथा भवनों की साफ-सफाई, पाईप लाईन लिकेज संधारण और स्वच्छ पेयजल संबंधी समस्या का शीघ्र निराकरण किया जाना शामिल है। इसके अतिरिक्त निकाय द्वारा जारी की जाने वाली सेवाएं जैसे भवन अनुज्ञा, दुकान पंजीयन, विद्युत अनापत्ति प्रमाण पत्र, आवासीय योजनाओं से संबंधी प्रमाण पत्र एवं निकायों से संबंधित विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी तथा समस्याओं का निराकरण वार्ड स्तर पर ही किए जाने की व्यवस्था वार्ड कार्यालय द्वारा की गई।

मुख्यमंत्री वार्ड कार्यालय से प्राप्त आवेदनों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा नगर निगम आयुक्तों द्वारा प्रतिदिन की जाती है। साथ ही संबंधित जिला कलेक्टरों द्वारा अपने जिले के प्रत्येक नगरीय निकायों के वार्ड कार्यालयों की निकायों द्वारा संकलित जानकारी की भी नियमित समीक्षा की जाती है। अब तक अंबिकापुर नगर निगम में 11 मुख्यमंत्री वार्ड कार्यालय, भिलाई नगर निगम में 7 वार्ड कार्यालय, भिलाई-चरौदा नगर निगम में 4 वार्ड कार्यालय, बिलासपुर नगर निगम में 10 वार्ड कार्यालय, बिरगांव नगर निगम में 4 वार्ड कार्यालय, चिरमिरी नगर निगम में 3 वार्ड कार्यालय, धमतरी नगर निगम में 3 वार्ड कार्यालय, दुर्ग नगर निगम में 2 वार्ड कार्यालय, जगदलपुर नगर निगम में 4 वार्ड कार्यालय, कोरबा नगर निगम में 14 वार्ड कार्यालय, रायगढ़ नगर निगम में 6 वार्ड कार्यालय, रायपुर नगर निगम में 27 वार्ड कार्यालय और राजनांदगांव नगर निगम में 6 मुख्यमंत्री वार्ड कार्यालय संचालित की जा रही है।




अन्य सम्बंधित खबरें