क्या भारतीय रिजर्व बैंक ने Google Pay को बैन कर दिया है?
नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) ने यह स्पष्ट किया है कि भारत में गूगल पे (Google Pay) पर प्रतिबंध नहीं है। एनपीसीआई भारत में डिजिटल पेमेंट्स को संचालित और यूनिफाइड पेमेंटेस इंटरफेस (यूपीआई) को विकसित करने का कार्य करती है। यूपीआई का इस्तेमाल गूगल पे, फोन पे और पेटीएम जैसे प्लेटफॉर्म्स के जरिए पेमेंट्स के लिए किया जाता है।
दरअसल सोशल मीडिया पर एक ट्रेंड हैशटैग GPayBanned By RBI (रिजर्व बैक द्वारा गूगल पे पर प्रतिबंध) चल रहा था। इसके साथ एक खबर चल रही थी, जिसमें भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने कहा कि गूगल पे एक पेमेंट्स सिस्टम ऑपरेटर नहीं था। हालांकि इसके तुरंत बाद ही एनपीसीआई ने एक बयान जारी करते हुए यह साफ किया कि पेमेंट्स के लिए गूगल पे सुरक्षित और अधिकृत है।
अपने स्पष्टीकरण में एनपीसीआई ने साफ तौर पर लिखा है कि आरबीआई ने गूगल पे को बतौर पेमेंट्स सिस्टम ऑपरेटर (पीएसओ) अधिकृत किया है। गूगल पे जैसी कंपनियां पीएसओ के लिए ऐप उपलब्ध करवाती हैं और एनपीसीआई यह सुनिश्चित करती है कि गूगल पे के अंतर्गत होने वाले ट्रांजेक्शन (लेनदेन) कानून के दायरे में रहते हुए पूरी तरह से सुरक्षित हो।
इसमें कहा गया है, "आरबीआई ने एनबीसीआई को भुगतान प्रणाली ऑपरेटर (पीएसओ) के रूप में अधिकृत किया है। हम स्पष्ट करना चाहेंगे कि गूगल पे एक थर्ड पार्टी ऐप प्रोवाइडर (टीपीएपी) की तरह है, जो कि दूसरों की तरह ही बैंकिंग पार्टनर्स और एनपीसीआई के यूपीआई ऑपरेशन के अधीन यूपीआई पेमेंट्स सर्विस भी प्रदान करती है। किसी भी अधिकृत टीपीएपी का इस्तेमाल करके किए गए सभी लेनदेन पूरी तरह से सुधार प्रक्रियाओं द्वारा सुरक्षित हैं।