बिलासपुर - पूर्व उप सरपंच की थाने में दबंगई, SI महिला के बाल पकड़कर घसीटा
अमेरी की पूर्व उप सरपंच ने सारे नियम, कायदे कानून को ताक पर रख बेखौफ होकर थाने में ही एसआई लेडी को जमकर पीटा। इतना ही नहीं दबंग महिला ने एसआई लेडी के बाल पकड़कर घसीटा और जमकर पिटाई की। घटना गुरुवार दोपहर 2.45 बजे की है। थाने में मौजूद 3 से 4 महिला पुलिसकर्मियों ने किसी तरह से एसआई को छुड़ाया। एसआई की रिपोर्ट पर आरोपी महिला के खिलाफ धारा 186,294 506, 323, 353 के तहत जुर्म दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक टीआई विनोदिनी गुप्ता छुट्टी पर भिलाई गई हुई थीं। उनकी जगह एसआई दुर्गा किरण पटेल थाने का जार्च देख रही थीं। घटना के दौरान एसआई डायरी तैयार कर रही थीं। इसी दौरान अमेरी की पूर्व उप सरपंच नियंता कुर्रे थाने में पहुंची और उनसे वहां पोस्टेड एएसआई ईश्वरी मिश्रा के बारे में पूछताछ की। किरण काम में व्यस्त थीं, इसलिए किसी अन्य पुलिसवालों से पूछने के लिए कहा।
गाली-गलौज भी की
वहां बैठी दूसरी महिला पुलिस ने उन्हें बताया कि ईश्वरी मिश्रा रायपुर गई हैं। आरोपी महिला ने उनके आने के समय के बारे में पूछा तो एसआई ने उसे कुछ देर बैठने के लिए कहा। इसके बाद नियंता गुस्सा हो गई और चिल्लाते हुए गाली-गलौज की। एसआई के बाल पकड़ कर घसीटा और जमकर पिटाई भी की। एसआई दुर्गा के मुताबिक घटना के वक्त एसआईटी के डीएसपी प्रवीण चंद्र राय भी थाने में मौजूद थे। इस दौरान वे भी धक्का-मुक्की के शिकार हुए। बता दें कि पूर्व सरपंच वर्तमान में गौरव पथ ओम रेसीडेंसी में रहती है।