Samsung Galaxy Z Fold 2 हुआ लॉन्च, मुड़ने वाली डिस्प्ले के साथ फोन में मिलेगा ट्रिपल रियर कैमरा..
सैमसंग ने अपने दूसरे फोल्डेबल फोन Samsung Galaxy Z Fold 2 को गैलेक्सी अनपैक्ड 2020 के दूसरे भाग में लॉन्च कर दिया है। गैलेक्सी फोल्ड सीरीज का यह तीसरा फोन है। कंपनी ने पिछले साल Galaxy Fold को बाजार में उतारा था। Galaxy Z Fold 2 में बड़ी और फ्लेक्सिबल डिस्प्ले है। फोन पर अल्ट्रा थीन ग्लास (UTG) प्रोटेक्शन है। इसके अलावा Samsung Galaxy Z Fold 2 में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। फोन में वायरलेस पावरशेयर भी है।
Samsung Galaxy Z Fold 2 की कीमत और उपलब्धता सैमसंग गैलेक्सी जेड फोल्ड 2 की भारतीय कीमत के बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं है। अमेरिका में इस फोन की कीमत $1,999 यानी करीब 1,48,300 रुपये है। गैलेक्सी जेड फोल्ड 2 मायस्टिक ब्लैक और मास्टिक ब्रोंज कलर वेरियंट में मिलेगा। फोन की बिक्री 18 सितंबर से होगी। कंपनी ने Galaxy Z Fold 2 का Thom Browne एडिशन भी पेश किया है जिसकी बिक्री 25 सितंबर से शुरू होगी। सभी थॉम ब्राउनी एडिशन के साथ गैलेक्सी वॉट 3, गैलेक्सी बड्स लाइव जैसी एसेसीरीज मिलेंगी।
Samsung Galaxy Z Fold 2 की स्पेसिफिकेशन सैमसंग के इस फोन में 7.6 इंत की फुल एचडी प्लस डिस्प्ले है जिसकी रिफ्रेश रेट 120Hz है। वहीं मुड़ने के बाद आपको 6.2 इंच की सुपर एमोलेड इनफिनिटी फ्लैक्स डिस्प्ले मिलेगी। फोन में क्वॉलकॉम का ऑक्टाकोर स्नैपड्रैगन 865+ प्रोसेसर मिलेगा जिसके साथ 12 जीबी रैम और 128 जीबी की स्टोरेज दी गई है। स्टोरेज को मेमोरी कार्ड के जरिए बढ़ाने का विकल्प नहीं मिलेगा।
Samsung Galaxy Z Fold 2 का कैमरा कैमरे की बात करें तो इस फोन में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप मिलेगा जिनमें मेन कैमरा 12 मेगापिक्सल का है जिसके साथ ऑप्टिकल इमेज स्टेबलाइजेशन भी मिलेगा। वहीं दूसरा लेंस 12 मेगापिक्सल का अल्ट्रा वाइड है और तीसरा लेंस 12 मेगापिक्सल का टेलीफोटो लेंस है। फोन में 4के वीडियो और 960fps पर स्लो मोशन वीडियो रिकॉर्ड किया जा सकता है। सेल्फी के लिए इस फोन में 10 मेगापिक्सल का कैमरा मिलेगा।
Samsung Galaxy Z Fold 2 की बैटरी इस फोन में कनेक्टिविटी के लिए 5G, 4G LTE, वाई-फाई 6, ब्लूटूथ v5.0, जीपीएस/ए-जीपीएस और यूएसबी टाइप-सी पोर्ट है। फोन के पावर बटन में फिंगरप्रिंट सेंसर, स्टेरियो स्पीकर 4500mAh की बैटरी है जो फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है।