मेसी के पिता ने क्लब के अध्यक्ष से की मुलाकात- 2021 तक बार्सिलोना में ही रहेंगे मेसी
पिछले दो हफ्ते से अर्जेंटीनी फुटबॉल स्टार लियोनल मेसी सुर्खियों में हैं। चैंपियंस ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में बायर्न म्यूनिख से मिली करारी शिकस्त के बाद उन्होंने बार्सिलोना छोड़ने के संकेत दिए थे। इस बाबत उन्होंने क्लब को बता दिया था। लेकिन अब ऐसी खबरें आ रही हैं कि उन्होंने अपना इरादा बदल लिया है और उनके 2021 तक बार्सिलोना में ही रहने की उम्मीद है।
इस बाबत उनके पिता और एजेंट जॉर्ज मेसी की क्लब के अध्यक्ष जोसेफ बारटोम्यू की बीच बुधवार रात को 90 मिनट तक बातचीत हुई है। इसमें जोसेफ ने उनके पिता से कहा है कि वह बेटे मेसी को अपने फैसले पर पुनर्विचार करने को कहें। उम्मीद है कि मेसी शुक्रवार तक अपना फैसला बता देंगे और 90 प्रतिशत यही संभावना है कि वह बार्सिलोना में बने रहेंगे। जॉर्ज से जब पूछा गया कि क्या छह बार के बैलोन डिओर 2021 तक बनेंगे तो उन्होंने कहा हां।
6138 करोड़ की ट्र्र्रांसफर फीस आ रही आडे : बार्सिलोना ने जॉर्ज से साफ कह दिया है कि वह मेसी के क्लब से जाने में सहायता नहीं करेगा सिर्फ अनुबंध बढ़ाने पर बातचीत करेगा। क्लब ने दो साल का अनुबंध बढ़ाने की पेशकश की है जिससे वह 2022-23 सत्र तक टीम से जुड़े रहेंगे।
अगर उन्हें जाना है तो करीब 6138 करोड़ रुपये (700 मिलियन यूरो) बतौर ट्रांसफर फीस चुकानी ही होगी। मेसी को खरीदने में दिलचस्पी दिखाने वाले मैनचेस्टर सिटी ने भी हाथ खड़े कर दिए हैं। उसका कहना है कि वह ट्रांसफर फीस नहीं चुका सकता।
मेसी का दावा बिना राशि दिए जा सकते हैं : मेसी ने 2017 में किए गए अपने अनुबंध के उस नियम का सहारा लिया था जिसके अनुसार वह सत्र के अंत में बिना कोई राशि दिए क्लब से जा सकते हैं। बार्सिलोना ने दावा किया है कि इस नियम की सीमा जून में समाप्त हो गई है और उन्हें जून 2021 तक अपने मौजूदा अनुबंध को पूरा करना होगा या फिर राशि चुकानी होगी।