राजिम के निकट फिंगेश्वर ब्लॉक के ग्राम तर्रा में रेत उत्खनन ... - CG Sandesh

राजिम के निकट फिंगेश्वर ब्लॉक के ग्राम तर्रा में रेत उत्खनन और परिवहन करते 43 ट्रेक्टरों को पकड़ा है।

राजिम के निकट फिंगेश्वर ब्लॉक के ग्राम तर्रा में जिले के खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार तड़के अवैध रूप से रेत उत्खनन और परिवहन करते 43 ट्रेक्टरों को पकड़ा है। जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि लगातार शिकायतें मिल रही थी, जिसके बाद आज सुबह इस अवैध रेत घाट में 43 ट्रेक्टरों पर चालानी कार्यवाही की गई।
बताया जा रहा है कि वर्षा ऋतु में रेत उत्खनन पर प्रतिबंध के बावजूद बड़ी संख्या में प्रतिदिन यहाँ से रेत परिवहन का खेल चल रहा था। काफी लंबे अर्से से पूरे राजिम क्षेत्र में महानदी के विभिन्न तटों से रेत का अवैध उत्खनन परिवहन करने रेत माफिया सक्रिय हैं।

रेत के अवैध खनन परिवहन को लेकर भाजपा विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने विधान सभा के मानसून सत्र में सवाल खड़े किये हैं, विधानसभा के मानसून सत्र में भाजपा विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया था, उन्होंने कहा था कि बड़ी संख्या में छत्तीसगढ़ में रेत माफिया अवैध उत्खनन कर रहे हैं। रेत माफिया के हौसले इतने बुलंद हैं कि धमतरी क्षेत्र में इनके खिलाफ आवाज उठाने वाले जनप्रतिनिधियों को मारा पीटा जा रहा है। जवाब में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा था कि छत्तीसगढ़ में माफ़िया गुन्डागर्दी नही चलेगी। इसके बाद भी राजिम क्षेत्र में रेत का अवैध खनन परिवहन रूकने का नाम नही ले रहा है।

तीन लाख रुपये में नीलामी

कतिपय सूत्र बताते हैं कि तर्रा रेत घाट की तीन लाख ग्यारह हजार रु में नीलामी की गई है। इसमें कुछ ग्रामवासी भी शामिल हैं बकायदा बैठक आयोजित कर गांव के इस रेत घाट को नीलाम किया गया। शासन प्रशासन को दरकिनार कर कुछ लोगों ने स्वयं इस घाट से रेत खनन का निर्णय ले लिया। जानकारी मिली है कि फिंगेश्वर विकाशखण्ड के इस गांव तर्रा के कुछ ग्रामीणों की मिली भगत से अवैध खनन कार्य को अंजाम दिया जा रहा था। गुरुवार की सुबह यहाँ पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम को देखते ही अफरा तफरी मच गई । कई ट्रेक्टर चालक वाहन छोड़कर भाग खड़े हुए। जिसके बाद संयुक्त टीम ने 43 ट्रक्टरों पर कार्यवाही की है।


अन्य सम्बंधित खबरें