एम्स अस्पताल के सामने कुछ असामाजिक तत्वों ने एम्बुलेंस चालको... - CG Sandesh

एम्स अस्पताल के सामने कुछ असामाजिक तत्वों ने एम्बुलेंस चालकों से की मारपीट....वाहनों में भी तोड़फोड़....

राजधानी रायपुर में नशेड़ी बदमाशों का उत्पात बढ़ता ही जा रहा है. बीते दिनों ड्रग माफियाओं के खिलाफ राजधानी पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की है. इस बीच खबर है कि एम्स अस्पताल के सामने कुछ असामाजिक तत्वों ने एम्बुलेंस चालकों से मारपीट की. और तो और वाहनों में भी तोड़फोड़ की. बताया जा रहा है कि इस प्रकार की घटना यहां पहली दफा नहीं है. टाटीबंध इलाके में नशेड़ियों का एक पूरा गैंग सक्रिय है जो समय-समय पर इस प्रकार के वारदातों को अंजाम देते हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार की आधी रात कुल 5 बदमाश एंबुलेंस चालकों के पास पहुंचे और जबरन रूपए मांगने लगे, लेकिन जब ड्रायवरों ने इसका विरोध किया तो वह उनसे छीना झपटी और मारपीट करने लगे. इतना ही नहीं वहां खड़े एंबुलेंस वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया. इसी बीच पुलिस की पेट्रोलिंग वाहन वहां पहुंच गई और दो बदमाशों को धर दबोचा. बाकी 3 चकमा देकर फरार हो गए. पुलिस ने छोटू और सोनू नाम के दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
धड़ल्ले से चल रहा नशे का कारोबार

एंबुलेंस चालकों ने बताया कि देर रात सन्नी, फूलचंद, छवि और सोनू के साथ एक और बदमाश दो बाइक पर सवार होकर आए थे. इसके बाद वह जबरन पैसे मांगने लगे और नहीं देने पर मारपीट की. वाहनों को नुकसान पहुंचाया. टाटीबंध में धड़ल्ले से नशे का सामान बिकता है. उसे खरीदने के लिए बदमाश आए दिन लूटपाट या जबरन वसूली जैसे अपराध करते हैं. आए दिन ऐसे वारदात होते रहते हैं जिसकी नामजद शिकायत पुलिस से भी कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती.

स्थानीय एम्बुलेंस चालाकों के मुताबिक कुम्हारी से टाटीबंध तक चरस, गांजा, अफीम, स्मैक जैसी नशीली पदार्थ आसानी से मिल जाती है. जिसका शिकार इलाके के कम उम्र के लड़के हो रहे हैं. इसे खरीदने के लिए वह वारदातों को अंजाम देते हैं।


अन्य सम्बंधित खबरें