news-details

रायगढ़ जिले के बेरहम पिता-पुत्र ने विधवा महिला के खाते से दो लाख 45 हजार रुपये धोखे से हड़प लिया....पति की मौत के बाद 3 साल के बच्चे के साथ रहती थी महिला...अपराध दर्ज..!

रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत पिता पुत्र के द्वारा एक विधवा महिला के खाते से दो लाख 45 हजार की राशि हड़पने का मामला सामने आया है। विधवा महिला की पति की मौत 2016 में एक सड़क दुर्घटना में हो गई थी। जिस के मुआवजे के रूप में उसे 5 लाख 46 हजार की राशि मिली थी। खरसिया पुलिस ने इस मामले में पिता-पुत्र के खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर लिया है।

पीड़ित महिला सरिता निषाद पति स्व. पद्मन निषाद (25 वर्ष) खरसिया के जैमुरा में रहती है। महिला ने अपने लिखित आवेदन में पुलिस को बताया कि वह बहुत ही गरीब महिला है और उसकी एक 3 साल की बच्ची है। उसके पति की मौत 25 जनवरी 2016 को सड़क दुर्घटना में हो गई थी। जिसके बाद मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण द्वारा मुआवजे के रूप में पाँच लाख छियालिस हजार रूपये उसके रायगढ़ न्यायालय परिसर स्थित ओरिएंटर बैंक ऑफ कामर्स के खाते मे जमा कराया गया था।

आरोपी पिता-पुत्र तेजराम पटेल और सुनील पटेल के द्वारा उसकी उसकी मदद करने के नाम पर 18 फरवरी 2019 में रायगढ़ न्यायालय स्थित ओरिएंटल बैंक से पैसे निकालने के लिए जैमूरा, खरसिया से रायगढ़ आए। जहां उन्होंने ₹50000 निकालें, उस समय महिला भी उनके साथ थी। पैसे निकालने के लिए बार-बार रायगढ़ आने से छुटकारा दिलाने के नाम पर दोनों पिता-पुत्र ने महिला से कुछ कागज और चेक पर साइन करवा लिए। और कहा कि अब तुम्हें पैसे निकालने के लिए बार-बार रायगढ़ नहीं आना पड़ेगा। हम बाकी की रकम उसके नंदेली स्थित बैंक में ट्रांसफर करा देंगे।

कुछ महीनों बाद जब रकम उसके खाते में नहीं आए। तब उसने पिता-पुत्र से पूछा तब उन्होंने कहा कि रायगढ़ से पैसा अभी तक ट्रांसफर नहीं हुआ है। इसके बाद वह रायगढ़ स्थित अपने बैंक पर गई। जहां उसे पता चला कि उसके खाते से ₹245000 फरवरी माह में ही निकाल लिए गए थे। पीड़ित महिला ने पैसे के लिए कई बार पिता-पुत्र को बोला यहां तक कि कई बार पंचायत भी हुई मगर महिला को कोई पैसा नहीं मिला। जिसके बाद उसने इसकी शिकायत खरसिया पुलिस थाने में की। खरसिया पुलिस ने बुधवार को आईपीसी धारा 406 और 34 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।




अन्य सम्बंधित खबरें