शादीशुदा औरत ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करके शव को घर के पीछे छिपाया था..अवैध सम्बन्ध ने ली एक और जान
जिले के छुरा थाना क्षेत्र में घर के पीछे शव की गुत्थी सुलझाते हुए बड़ा खुलासा किया है। अवैध संबंधों के चलते मृतक की पत्नी ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर युवक की हत्या कर दी थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। युवक का शव उनके ही घर के पीछे बरामद किया गया था। शव पर गांव के ही एक चरवाहे की नजर पड़ी तब इस मामले का खुलासा हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार छुरा निवासी जय प्रकाश अग्रवाल 29 दिसंबर को लापता हो गया था। सुमन ने अपनी सास को उसके शादी में जाने की बात बताई थी। पांच दिनों बाद रविवार को गुमशुदगी दर्ज कराई गई और उसी दिन घर के पीछे जय प्रकाश का शव मिल गया। इसके बाद पुलिस ने जांच कर सुमन और उसके पड़ोसी देवराज उर्फ गोलू साहू को गिरफ्तार कर लिया। सुमन के उससे अवैध संबंध थे।
पुलिस ने बताया कि महीनेभर पहले जयप्रकाश ने सुमन और देवराज को आपत्तिजनक हालत में भी देख लिया था। 29 दिसंबर को नशे में धुत जयप्रकाश ने देवराज को अपने घर बुलाया और फटकार लगाई। इसके बाद देवराज ने सुमन के साथ मिलकर जय प्रकाश का गला दबा दिया। रात में शव को छत पर ले जाकर घर के पीछे फेंक दिया और साड़ी और बोरे से ढंककर पत्थर रख दिए।
रविवार सुबह एक चरवाहे की नजर कुत्तों पर पड़ी जो शव को नोच रहे थे। उसने लोगों को लाश के बारे में बताया। जय प्रकाश की बाइक और मोबाइल गायब थे। परिजनों के बयान और सुमन के बयान में अंतर होने के कारण पुलिस का शक पुख्ता हो गया। आरोपियों ने हत्या के बाद उसकी बाइक और मोबाइल दूर ले जाकर फेंक दिया था। पुलिस ने उसे भी बरामद कर लिया है।