नि:शुल्क आयुष स्वास्थ्य मेला का आयोजन 17 जनवरी को...जांच एवं ईलाज़ होगा मुफ्त..
जिला स्तरीय नि:शुल्क आयुष स्वास्थ्य मेला का आयोजन कोविड-19 के गाईड लाईन के अनुसार 17 जनवरी 2021 को शासकीय आयुर्वेद जिला चिकित्सालय परिसर पंजरी प्लांट, कलेक्ट्रेट रायगढ़ में किया जायेगा। मेले में आयुर्वेद, होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति के अनुभवी और विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा नि:शुल्क निदान चिकित्सा एवं औषधियों का वितरण किया जायेगा। साथ ही अर्श (पाइल्स), भगन्दर (फिस्टूला)के रोगियों की जांच एवं चिकित्सा भी की जायेगी। आयुष स्वास्थ्य मेला में आवश्यकतानुसार पैथोलॉजी जांच की भी सुविधा उपलब्ध रहेगी। घरेलू उपचार, औषधियां पौधों की जानकारी, पंचकर्म चिकित्सा एवं ऋतुचर्या-ऋतुजन्य बीमारियों से संबंधित जानकारी भी लोगों को दी जायेगी। जिला आयुर्वेद अधिकारी ने जिलेवासियों को अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयुष स्वास्थ्य मेला का लाभ उठाने का आग्रह किया है।