news-details

लोकतंत्र को मजबूत बनाने में मतदाता की भूमिका सबसे अहम-कलेक्टर भीम सिंह 11 वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस का हुआ आयोजन...

रायगढ़, 11 वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन नगर निगम ऑडिटोरियम पंजरी प्लांट में किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री भीम सिंह ने कहा कि 2011 से प्रारम्भ हुए राष्ट्रीय मतदाता दिवस का उद्देश्य युवा मतदाताओं को उनके अधिकार के साथ मतदान के महत्व से परिचित करवाना है। निर्वाचन आयोग द्वारा स्वीप के तहत जागरूकता कार्यक्रम, दिव्यांग लोगों के लिए मतदान केन्द्रों में रैंप, दृष्टि बाधित लोगों के लिए ईवीएम मशीन में ब्रेल लिपि की सुविधाएं जैसे विभिन्न प्रयास लगातार किये जा रहे है, जिससे अधिकतम लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। लोकतंत्र को अधिक समावेशी और चुनावी प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं सहभागिता पूर्ण बनाया जा सके।
उन्होंने कांकेर जिले में अपनी पदस्थापना का जिक्र करते हुए बताया कि चुनाव के दौरान एक जगह पर नक्सलियों ने गोलीबारी कर दी थी। इलेक्शन पार्टी को वापस लौटना पड़ा। अगले दिन तगड़ी सुरक्षा में पार्टी मतदान कराने पहुंची। उस गांव में 90 फीसदी वोटिंग हुयी। यह घटना दिखलाती है कि लोग इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा बनना चाहते हैं। लोकतंत्र को मजबूत बनाने में वोटर्स की बड़ी भूमिका है। आज जो नए मतदाता बन रहे हैं और तमाम लोग उनको मिले मताधिकार की कीमत समझें। किसी भी प्रकार के प्रलोभन अथवा पूर्वाग्रह के बिना पूरी जिम्मेदारी से इसका विवेकपूर्ण उपयोग करें।

पुलिस अधीक्षक  संतोष सिंह ने कहा कि लोकतंत्र एक पेड़ है तो मतदाता और मतदान इसकी जड़ें हैं। पेड़ तभी मजबूत होगा जब इसकी जड़ मजबूत होगी। विश्व में कई अग्रणी देशों में मताधिकार प्राप्त करने के लिये बहुत संघर्ष करने पड़े। विशेषकर महिलाओं को यह अधिकार अपेक्षाकृत काफी देर से मिला। जबकि भारत में स्वतंत्रता के बाद 1950 में निर्वाचन आयोग के निर्माण के साथ ही महिला पुरुष सभी को बराबरी का मताधिकार मिल गया। यह भारत के संविधान निर्माताओं की सोच व दुदर्शिता को दिखाता है। जिसके लिये उनको नमन है। हमें मताधिकार के महत्व को समझते हुए एक सजग व सतर्क मतदाता के रूप में लोकतंत्र की जड़ को सशक्त बनाने की दिशा में काम करना होगा।

कार्यक्रम में कलेक्टर भीम सिंह ने उपस्थित सभी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ दिलायी। नवीन मतदाताओं को बैच लगाकर सम्मानित किया गया तथा उन्हें ईपिक कार्ड भी सौंपे गए। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भी अपने विचार रखे। एम.कॉम की छात्रा सृष्टि अग्रवाल ने मतदान को एक जिम्मेदारी बताते हुए सही प्रतिनिधि चुनने में सबकी भागीदारी का महत्व बताया। वहीं किरोड़ीमल कॉलेज के छात्र चुलेश्वर पटेल ने लोकतंत्र को भारत की विरासत बताया और युवाओं को युवा सोच के साथ लोकतंत्र की मजबूती में मतदान की भूमिका पर अपने विचार रखे।

इस दौरान अपर कलेक्टर  कुरुवंशी ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का प्रतिवेदन पढ़ा। उन्होंने बताया कि जिले में 18 हजार 191 मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े गए। जिसमे से 18 से 20 वर्ष के युवा नवीन मतदाताओं की संख्या 11 हजार 439 है। रायगढ़ जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों में कुल मतदाताओं की संख्या अब बढ़कर 11 लाख 12 हजार 717 हो गयी है।

इन नवीन मतदाताओं को दिये गये ईपिक कार्ड- पुष्पा यादव, गौतम चौहान, नरेन्द्र उपाध्याय, मंगल चंद्र यादव, शिवेन्द्र लहरे, निशांत कुमार चौबे, नम्रता मिश्रा, सूरज साहू, रितेश दास मानिकपुरी, फुटी रावत, अनुज कुमार मैती, रीतू रानी, ज्योत्सना तिवारी, रिया यादव, भावेश यादव, प्रफुल्ल यादव, रिशा यादव को बैच लगाकर सम्मानित कर उनके ईपिक कार्ड दिये गये।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को किया गया सम्मानित-श्री रणजीत कुमार बारिक सहायक प्राध्यापक के.एम.टी.शासकीय कन्या महाविद्यालय रायगढ़ को प्रशस्ति पत्र एवं 7 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इसी प्रकार बूथ लेवल अधिकारियों में लैलूंगा-देवमती गुप्ता, रायगढ़- समारू भोय, सारंगढ़- रामदत्त मौर्य, खरसिया सची वैष्णव, धरमजयगढ़- जोतराम राठिया को सम्मानित किया गया। जिनमें प्रत्येक को प्रशस्ति पत्र तथा 5 हजार रुपये पुरस्कार राशि दी गई।  मोहन कुंवर,  रोहित मिरे,  मनमोहन सोन को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया। इसी प्रकार पुलिस विभाग से निरीक्षक थाना प्रभारी सारंगढ़  जी.एस.दुबे, सहायक उप निरीक्षक थाना कोतरा रोड सोहन साहू, प्रधान आरक्षक सारंगढ़  जयराम साहू, रक्षित केन्द्र रायगढ़  भूपेन्द्र कुमार साहू, आरक्षक कोतवाली रायगढ़ प्रकाश तिवारी को लोकसभा निर्वाचन 2019 में उत्कृष्ट कार्य हेतु प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य  राजेश डेनियल द्वारा किया गया।

इस अवसर पर एडीएम  राजेन्द्र कटारा, सीईओ जिला पंचायत  ऋचा प्रकाश चौधरी, नगर निगम आयुक्त  आशुतोष पांडेय, अपर कलेक्टर  आर.ए.कुरूवंशी, एसडीएम युगल किशोर उर्वशा, ज्वाईंट कलेक्टर  अभिषेक गुप्ता,  नम्रता डोंगरे, डिप्टी कलेक्टर सरस्वती बंजारे, तहसीलदार  सीमा पात्रे, प्राचार्य  अंजनी तिवारी सहित महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, नगर निगम एवं अन्य विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।




अन्य सम्बंधित खबरें