आम जनता की आवाज़ उठाने वाले पत्रकार छत्तीसगढ़ में सुरक्षित नही... - CG Sandesh

आम जनता की आवाज़ उठाने वाले पत्रकार छत्तीसगढ़ में सुरक्षित नही...! पत्रकार को बंधक बनाकर किया मारपीट और गाली गलौच..!

गौरेला पेंड्रा मरवाही:- प्रदेश में अपराधियों का हौसला इस कदर बढ़ चुका है कि अब आम जन की आवाज़ उठाने वाले पत्रकार भी सुरक्षित नहीं हैं। हाल में जिले से मीडियाकर्मी का रास्ता रोककर उसे बंधक बनाने तथा गाली गलौज कर लूटपाट करने का मामला सामने आया है।

मामला पेंड्रा थानाक्षेत्र का है । जहां के रहने वाला मुकेश कुमार इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार हैं। जो 26 जनवरी 2021 मंगलवार लगभग 12 बजे मल्टीपरपज स्कूल पेंड्रा में आयोजित गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम देख कर अपने निवास की ओर लौट रहा था। रास्ते में हर्ष छावरिया उर्फ हर्रु ने पत्रकार मुकेश को आवाज देकर रुकवाया और उसके रुकने के बाद उसके मोटरसाइकिल की चाबी निकाल कर रख ली और गाली गलौज करने लगा।

इसके बाद उसने फोन करके अपने साथियों को भी बुला लिया। आदतन अपराधी के बुलाने पर वहां पहुंचे उसके साथी सुशांत गौतम, श्रीकांत ताम्रकार एवं अन्य साथियों ने पत्रकार को घेरकर जमकर गाली-गलौज करते हुए धमकाने लगे। अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों से घिरे पत्रकार ने घबराकर अपने अन्य पत्रकार साथियों को फोन पर जानकारी दी कि उसे इन लोगों द्वारा घेर लिया गया है।

जिसके बाद हर्ष छावरिया एवं उसके साथियों ने मिलकर पत्रकार को बंधक बनाकर बलपूर्वक मल्टीपरपज पेंड्रा स्कूल की बाउंड्री वाल के अंदर ले गए। जहां पहुंचने पर हर्ष छावरिया के बोलने पर श्रीकांत ताम्रकार के द्वारा पत्रकार के जैकेट से मोबाइल निकाल लिया गया, ताकि वह पुलिस को फोन ना कर सके तथा सुशांत गौतम के साथ मिलकर उसके फोन की जांच करने लगे।

पत्रकार को बंधक बनाए रखने के दौरान वहां आदतन अपराधी एवं उसके साथियों द्वारा उसके साथ लगातार गाली- गलौज एवं जान से मारने की धमकी दी जाती रही। इस बीच हर्ष छावरिया अपनी राजनीतिक पहुंच का हवाला देकर दबंगई करता रहा।

वहीं पत्रकार दुर्गेश सिंह बिसेन मौके पर पहुंचे तब हर्ष छावरिया एवं उसके साथियों ने उनके साथ भी बदसलूकी की। इस बीच इन पत्रकारों की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई और बंधक पत्रकार मुकेश विश्वकर्मा को उनके चंगुल से छुड़ाया परंतु हर्ष छावरिया द्वारा उनके सामने भी सभी पत्रकारों को जान से मारने की धमकी दी गई।

इस मामले में पत्रकार मुकेश विश्वकर्मा की शिकायत पर पेंड्रा पुलिस ने हर्ष छावरिया उर्फ हरु उसके साथी सुशांत गौतम, नवीन विश्वकर्मा एवं श्रीकांत ताम्रकार सभी निवासी पेंड्रा के खिलाफ विभिन्न आपराधिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिए है जिनकी तलाश की जा रही है।


अन्य सम्बंधित खबरें