धान खरीदी से संबंधित शिकायतों पर करें तत्काल कार्रवाई..किसी ... - CG Sandesh

धान खरीदी से संबंधित शिकायतों पर करें तत्काल कार्रवाई..किसी प्रकार की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नही--कलेक्टर भीम सिंह

कलेक्टर भीम सिंह ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा बैठक ली। जिसमें उन्होंने धान खरीदी से संबंधित शिकायतों पर तत्काल जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश राजस्व व खाद्य विभाग के अधिकारियों को दिये। उन्होंने कहा कि किसानों से मिलने वाली शिकायतों का तत्काल निराकरण होना चाहिये। इसमें किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।

कलेक्टर सिंह ने गोधन न्याय योजना की समीक्षा के दौरान गौठानों के भौतिक सत्यापन के लिए बनाए गए जिला स्तरीय समिति के कार्यों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि जांच अधिकारियों को सबसे पहले गौठान में किये गये गोबर खरीदी, वर्मी कंपोस्ट निर्माण की स्थिति और भुगतान की स्थिति की जानकारी लेकर अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। कलेक्टर सिंह ने कहा कि गोठान योजना शासन की महत्वपूर्ण योजना है, जिससे एक ओर जहां गोठान चलाने वाले समितियों को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं, वही दूसरी ओर किसानों को आय के साधन भी मिल रहे हैं। उन्होंने प्रत्येक विकासखण्ड में गोबर खरीदी की जानकारी ली। साथ ही वर्मी कंपोस्ट निर्माण, इसके पैकेजिंग कर समय-सीमा के अंदर विक्रय करने, गो कास्ट निर्माण करने संबंधित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।



समय-सीमा की बैठक के दौरान कलेक्टर सिंह ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा प्रवास कार्यक्रम के तहत किए गए घोषणा पर अब तक की गई कार्यवाही की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि घोषणाओं पर जिला स्तरीय कार्यवाही तय समय-सीमा के भीतर पूरे कर लिये जाये।

कलेक्टर सिंह ने हाट-बाजार के तहत चलित स्वास्थ्य वेन से ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों में स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया। इसी तरह पौधरोपण के लिए कार्ययोजना बनाने, सीएम सहायता राशि का समय-सीमा के अंदर निराकरण करने के निर्देश कलेक्टर सिंह ने संबंधित विभाग प्रमुखों को दिए। बैठक में एडीएम राजेन्द्र कटारा, जिला पंचायत सीईओ ऋचा प्रकाश चौधरी, आयुक्त नगर निगम आशुतोष पांडे सहित सभी विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।

अस्पताल बंद मिले तो होगी कार्रवाई

बैठक में पूर्व में किए गए अस्पतालों के निरीक्षण की रिपोर्ट पर कलेक्टर भीम सिंह ने समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जामगांव पीएससी के रात में बंद मिलने पर जिम्मेदार कर्मचारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसी तरह बाल संदर्भ शिविर समय पर लगाने के निर्देश दिए। शिविर में कुछ डॉक्टरों के अनुपस्थित रहने एवं तय समय पर शिविर नहीं लगाने जैसी बाते सामने आने पर उन्हें भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश कलेक्टर सिंह ने दिए।



अन्य सम्बंधित खबरें