खबर का असर:- धान खरीदी के लिए प्रशासन हुआ तैयार,भाजपा नेता आये किसान के समर्थन में.....
जिला कलेक्ट्रेट में धान से भरा ट्रैक्टर लेकर पहुंचने वाले किसान की आखिरकार प्रशासन ने सून ली। रात भर किसान ठंड में अपने धान की रखवाली करता रहा। वहीं अब इसकी जानकारी मिलने पर भाजपा के नेता किसान के समर्थन में आ गए हैं। भाजपा के कई बड़े नेता कलेक्ट्रेट पहुंचे और किसान के समर्थन में कलेक्टर से मिलकर बात की। इसके बाद जिला कलेक्टर भीम सिंह ने किसान की परेशानी को समझते हुए धान खरीदे जाने की बात कही।
बता दें कि मंडी में धान नहीं खरीदे जाने पर प्रशासनिक व्यवस्था से परेशान होकर किसान ट्रैक्टर सहित जिला कलेक्ट्रेट पहुंच गया। ऐसे में हमने प्रमुखता से किसान की परेशानी को सामने रखा। जिसके बाद अब भाजपा के नेता किसान के समर्थन में आ गए हैं। ओपी चौधरी सहित भाजपा के कई नेता किसान का धान खरीदने को लेकर कलेक्टर से मिलने पहुंचे। ऐसे में खबर चलाए जाने के बाद किसान को उसका हक मिल गया।
दोषी के खिलाफ होगी कार्रवाई
जिला कलेक्टर की ओर से धान खरीदने की सहमति के साथ ही मामले में जांच के आदेश भी दिए गए हैं। भाजपा जिला अध्यक्ष उमेश अग्रवाल ने बताया कि कलेक्टर की ओर निश्चित रूप से धान खरीदे जाने की बात कही गई। साथ ही मामले में दोषी पाए जाने के वाले के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की भी बात कलेक्टर की ओर से कही गई।
ओपी चौधरी ने कहा- भ्रष्टाचार का बोल-बाला
इस संबंध में भाजपा नेता ओपी चौधरी का कहना है कि मंडी में धान नहीं खरीदे जाने पर किसान त्रस्त होकर मजबूरन यहां पहुंचा। मंडी में पंजीयन का बहाना बनाकर किसान का धान नहीं लिया गया, जो की सरासर गलत है। चौधरी ने कहा कि मंडियों के सरासर भ्रष्टाचार का आलम है। प्रति गाड़ी 500 रूपए लेकर धान खरीदा जा रहा है। इस किसान ने जब पैसे नहीं दिए तो उसका धान नहीं खरीदा गया।