संजय कानन में अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में शक्ति टीम द्वारा शानदार समारोह का आयोजन
संजय कानन में अंतर राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में शक्ति टीम द्वारा एक शानदार समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान मंच पर 18 से 70 साल उम्र तक की महिलाओं ने तरह-तरह की प्रस्तुतियां दी। किसी ने रास-गरबा में हिस्सा लिया, किसी ने छत्तीसगढ़ी गाने में डांस किया तो कोई बंगाली और शास्त्रीय गाने पर झूमती रहीं। इस मंच पर महिलाओं ने महिला हिंसा विषय पर खुलकर अपना पक्ष रखा। बचपन की यादों को ताजा करते हुए कई महिलाओं ने खेलों में हिस्सा लिया।

रंग बिरंगी वेशभूषा और आभूषणों में सजी कई महिलाओं ने जूड़ा सजाने वाले स्पर्धा में हिस्सा लिया। राजनीतिक-गैर राजनीतिक-सामाजिक-सरकारी और आम महिलाओं के इस आयोजन का नाम शक्ति दिया गया था। इसमें विधायक विनोद चंद्राकर और नपाध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर ने भी हिस्सा लिया। सरला कोसरिया ने महिलाओं को शक्ति संजोकर रखने और अपने आने वाली पीढ़ी का सुरक्षा कवच बनने के लिए प्रेरित किया। नपाध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर ने ऐसे आयोजन को सफल कहते हुए आगामी वर्षों में भी आयोजन की बातें कहीं। विनोद चंद्राकर ने कहा कि महिलाएं एक दिन ही सशक्तिकरण दिवस न मनाएं बल्कि साल के पूरे दिनों में वे सशक्त रहें। क्योंकि महिलाएं मजबूत होंगी तो घर-परिवार, प्रदेश और देश मजबूत होगा।