पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर 13 मार्च को होगा रायपुर में धरना..प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम सौपेंगे ज्ञापन...
राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर संयुक्त मोर्चा छत्तीसगढ़ 13 मार्च को रायपुर में रैली निकालकर विशाल धरना देंगे व प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया जाएगा।
धरना व रैली को राष्ट्रीय अध्यक्ष बीपी सिंह रावत संबोधित करेंगे। प्रदेश संयोजक संजय शर्मा, सहसंयोजक वाजिद खान, हेमेंद्र साहसी, जिला संयोजक कांकेर स्वदेश शुक्ला, जिला सहसंयोजक संतोष जायसवाल ने संयुक्त रूप से बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार ने जनघोषणा पत्र में एनपीएस के स्थान पर 2004 के पूर्व लागू पुरानी पेंशन पर कार्रवाई करने का वादा किया है, किंतु अब तक कोई भी कार्रवाई नहीं की गई है।
प्रदेश संयोजक संजय शर्मा ने कहा है कि जब एक देश एक विधान तो पुरानी पेंशन क्यों असमान है।
उन्होंने कहा है कि 13 मार्च को प्रदेश के सभी विभाग के एनपीएस कर्मचारी रैली में शामिल होने रणनीति तैयार करने में जुटे हैं। विकासखंड संयोजक भोला प्रसाद ठाकुर, सत्यनारायण नायक,गोरखनाथ ध्रुव, धर्मराज कोरेटी, मनीष तिवारी, खम्मन नेताम ने कहा कि सेवानिवृत हुए एनपीएस कर्मचारी को मिलने वाले आंशिक पेंशन से दो वक्त का भोजन तो दूर, दवाई के लिए तरसना पड़ रहा है। 50 हजार रुपये वेतन पाने वाले कर्मचारी को पांच सौ रुपये पेंशन देना, राहत तो नहीं बल्कि तकलीफ को बढ़ाना ही है। एनपीएस पेंशन के नाम पर केवल छल है। छत्तीसगढ़ के शिक्षक, लिपिक, पंचायत सचिव, कृषि, नगरीय निकाय, स्वास्थ्य, पुलिस, सुरक्षा, राजस्व, सीएसईबी कर्मी, केंद्रीय कर्मी के साथ एनपीएस कर्मचारी 13 मार्च को अपने पुरानी पेंशन बहाली के लिए रैली व धरना में शामिल होंगें। कांकेर जिले में की बैठक में शामिल जिला सहसंयोजक राममनोरथ राय, राजेंद्र खुड़श्याम, मनीष जैन, कृष्णेंदु आईच, गणेश रवानी, प्रेमचंद सेन, वैभव मेश्राम, अजीज खान ने बताया कि जिले से बड़ी संख्या में एनपीएस कर्मचारी 13 अप्रैल को रायपुर में धरना-प्रदर्शन में शामिल होने जाएंगे।