सरपंच सचिव नही दे रहे ध्यान, महीने से पानी के लिए तरस रहे हैं 50 की जान...
हवा और पानी इंसान की जिंदा रहने की प्राथमिक आवश्यकता है। गर्मी आते ही पानी एक गंभीर समस्या के रूप में सामने आती है। रायगढ़ जिला के संवेदनशील कलेक्टर भीम सिंह द्वारा पानी की समस्या ना हो करके आला अधिकारियों की बैठक ली जा रही है और इसके साथ ही निर्देश दिए जा रहे हैं जिन जगहों पर जल की समस्या है उसका तत्काल निवारण किया जाए। लेकिन लगता है ग्रामीण क्षेत्रों में उनकी आवाज साफ साफ और ठीक तरीके से नहीं पहुंच रही। हम ऐसा इसलिए कह रहे हैं क्योंकि हमारे सामने इसका एक जीवंत उदाहरण है।
दरअसल तमनार ब्लाक के ग्राम पंचायत चितवाही के कोलम भगवतीनगर में ग्रामीण बीते 6 महीने से पानी की समस्या से जूझ रहे हैं, जो गर्मियों को दिन में काफी गंभीर हो चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि बीते 6 महीने से मोटर पंप खराब है, इस मोटर पंप के भरोसे 50 परिवार का जीवन टिका हुआ है। पीने से लेकर दैनिक उपयोग तक यही एक मोटर पंप उन परिवारों का सहारा है। ऐसा नहीं है कि इसे लेकर कोई शिकायत नहीं की गई हो या वस्तुस्थिति से जिम्मेदारों को अवगत नहीं कराया गया हो।
अपनी समस्या को लेकर पीड़ित ग्रामीणों द्वारा पंचायत सरपंच, सचिव को कई बार अवगत द्वारा कराया जा चुका है, लेकिन उनके द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा है! अगर ध्यान दिया गया होता तो न ही यह समस्या होती और ना ही हमें यह खबर लिखने की आवश्यकता होती। हाल फिलहाल की स्थिति को देखें तो वहां का आलम यह है कि पानी लेने के लिए घर से करीबन आधा किलोमीटर दूर जाना पड़ता है।हम आपको पहले ही बता चुके हैं कि इस मोटरपंप के भरोसे लगभग 50 परिवार हैं। जो इसका उपयोग करते हैं। देखा जाए तो शासन प्रशासन की तरफ से इन मूलभूत सुविधाओं के लिए कोई कमी नहीं की जाती, बकायदा इन मूलभूत सुविधाओं के लिए लाखों रुपए के फंड आते हैं मगर फंड जाते कहां है..? ऐसे कई मामले हैं जहां इन फण्ड का उपयोग तो होता है मगर उसका लाभ ग्रामीणों को नहीं मिलता! ऐसा ही कुछ किस्सा यहां भी है!
इस बारे में एक पीड़ित ग्रामीण गजानंद सिदार ने बताया कि
सरपंच सचिव को समस्या को लेकर कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन ध्यान नहीं दिया जा रहा है मुहल्लेवासी बहुत परेशान हैं!