जाते-जाते बड़ा दांव खेल गये घरघोड़ा सीएमओ....! - CG Sandesh

जाते-जाते बड़ा दांव खेल गये घरघोड़ा सीएमओ....!

नगर पंचायत घरघोड़ा के सीएमओ प्रणव प्रवेश प्रधान जब से यहां पदस्थ हुए थे, तब से उनका विवादों से गहरा नाता रहा है। यही कारण है कि राज्य शासन ने उनका तबादला बाराद्वार कर दिया है। मगर अपने तबादले की भनक मिलते ही सीएमओ प्रधान ने जाते जाते भी अंत मे एक बड़े खेल को अंजाम दे दिया और लगभग एक करोड़ से अधिक के विवादित कार्यों का आनन-फानन में भुगतान कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सीएमओ प्रधान का स्थानांतरण आदेश आते ही नगर पंचायत में खलबली मच गई और मात्र 3 दिनों में आनन-फानन में ठेकेदारों के नाम पर तकरीबन एक करोड़ रुपयों का आहरण कर नगर पंचायत का पूरा खजाना ही खाली कर दिया गया। सीएमओ एवं अध्यक्ष ने आपस में सांठगांठ कर ठेकेदारों को बुला बुलाकर कमीशन खोरी करते हुए अगला पिछला सारा भुगतान कर दिया। 

इन्हें कमीशन खोरी की इतनी जल्दबाजी थी कि घटिया निर्माण कार्यों की सिक्योरिटी डिपॉजिट मनी तथा स्वच्छ भारत मिशन एवं जल प्रदाय योजनाओं आदि के सामग्रियों की रातो रात फर्जी फाइल बनाकर चेक जारी कर दिया गया। बताया जा रहा है कि जल प्रदाय एवं सफाई सामग्रियों के सप्लाई करने के नाम पर भी फर्जी भुगतान किया गया है।

विदित हो कि नगर पंचायत घरघोड़ा द्वारा किए गए निर्माण कार्यों, विभिन्न खरीद-फरोख्त, सफाई एवं जल प्रदाय सामग्रियों की सप्लाई पर भारी भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे, जिनकी जांच भी चल रही है, फिर भी सीएमओ के द्वारा अपना तबादला आदेश आते ही सारी राशियों का आहरण कर दिया गया। यहां तक कि जिन बेहद घटिया सड़क एवं नाली निर्माण कार्य जो बनने से पहले ही टूट-फूट और उखड़ गए थे उनका भुगतान भी सीएमओ और अध्यक्ष के द्वारा मोटी कमीशन लेकर कर दिया गया है।

इस मामले में सीएमओ के उक्त भ्रष्ट कार्यों की पूरी सूची लेकर नगर के कुछ पार्षदों व जनप्रतिनिधियों ने उच्च अधिकारियों को ज्ञापन देकर तत्काल जांच कर कार्रवाई करने की माँग की है।


अन्य सम्बंधित खबरें