जशपुर : कलेक्टर महादेव कावरे ने लक्ष्यानुसार टीका लगाने के लिए निर्देशित किया
कलेक्टर महादेव कावरे ने आज फरसाबहार विकासखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केरसई एवं तपकरा का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी पी.सुथार, एसडीएम फरसाबहार चेतन साहू, सीईओ जनपद पंचायत फरसाबहार ए.सी.कछवाहा सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने सेंटर में कोविड-19 टीकाकरण के संबंध में जानकारी लेते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को केंद्र में लक्ष्यानुसार हितग्राहियों को टीका लगाने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि 45 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों को अनिवार्य रूप से कोविड का टीका लगवाना होगा। इस हेतु आंगनबाड़ी मितानिन एवं सहायिका द्वारा गाँव के ऐसे लोगों को सूची तैयार कर उन्हें टीका लगवाने के लिए प्रेरित करने की बात कही। उन्होंने सरपंच सचिवो को लोगों को टीका के लिए प्रचार प्रसार के माध्यम से जागरूक करने एवं दूरस्थ क्षेत्र के लोगो को केंद्र तक पहुँचाने के लिए गाड़ी की व्यवस्था करने की हिदायत दी।
इसी प्रकार कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तपकरा का निरीक्षण किया। बीएमओ फरसाबहार ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नए बने भवन में एक कर्मचारी के संक्रमित पाए जाने के कारण भवन को कुछ दिन के लिए बंद रखा गया है एवं टीकाकरण कार्य को अन्यत्र स्थान पर संपादित किया जा रहा है। कलेक्टर ने नये भवन को यथाशीघ्र सेनेटाइज कराकर पुनः टीकाकरण कार्य प्रारंभ करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।