जशपुर : कलेक्टर ने कोविड केयर सेंटर का निरीक्षण कर मरीजों से स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली.
कलेक्टर महादेव कावरे ने आज विकासखंड कुनकुरी के ग्राम कंडोरा के प्री मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास में निर्मित कोविड केयर सेंटर एवं फरसाबहार विकासखंड के शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान तपकरा में निर्मित कोविड केयर सेंटर का निरीक्षण कर मरीजों से स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी पी. सुथार, संबंधित विकासखंड के एसडीएम, सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
कलेक्टर कावरे ने सेंटर में मरीजो के लिए आवश्यक सुविधाओ की जानकारी लेते हुए सांस लेने में परेशानी होने वाले मरीजो के लिए ऑक्सिजन एवं आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएमएचओ सुथार को इन सेंटरों में आवश्यक कर्मचारी सहित सभी जरूरी चीजों की पूर्ति के लिए हिदायत दी।
कलेक्टर ने सेंटर में एनाउंसमेन्ट के माध्यम से डॉक्टरों की विजिट एवं अन्य आवश्यक जानकारी देने के लिए निर्देशित किया। इस हेतु कोविड केयर सेंटर में माइकिंग सिस्टम लगाने की बात कही। कलेक्टर ने कहा कि ब्लॉक में संक्रमित मिलने वाले 45 वर्ष से अधिक या गंभीर मरीजों को इन कोविड केयर सेंटर में रखकर ईलाज किया जाए। 45 वर्ष से अधिक एवं कोमोरविड लोगो को होम आइसोलेशन में रहने की अनुमति नही दी जाएगी। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सेंटर में भर्ती कोरोना मरीजों से बात करके स्वास्थ्य सुविधाओं, वार्ड की साफ सफाई, भोजन इत्यादि के सम्बंध में जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मचारियों को मरीजों का नियमित रूप से स्वास्थ्य परीक्षण करने एवं समय पर भोजन प्रदान करने का निर्देश दिया।