भीड़ से बचने 45 प्लस उम्र वालों को 1 मई से पूर्व वैक्सीनेशन जरूरी-कलेक्टर भीम सिंह
कलेक्टर भीम सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से मंगलवार की दोपहर शहर के सामाजिक संगठन प्रमुख की बैठक ली। इस दौरान कलेक्टर सिंह ने सभी संगठन प्रमुखों को शहर के 45 प्लस उम्र वालों को कोरोना वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करने की बात कही। दोपहर तीन बजे से बैठक शुरू हुई। वर्चुअली आयोजित इस बैठक में शहर के समाजसेवी संगठन के करीब 25 सदस्य जुड़े थे।इस दौरान कलेक्टर भीम सिंह ने कहा कि कोरोना से बचने के लिए वैक्सीनेशन ही कारगर है। वर्तमान में देखा गया है कि 45 वर्ष उम्र से ज्यादा जिन्होंने कोरोना वैक्सीनेशन लगाया है, ऐसे बहुत कम लोग कोरोना पॉजीटिव आ रहे हैं। कई पुलिस जवान, स्वास्थ्य कर्मी व फ्रंट लाइन कर्मी को वैक्सीनेशन के बाद भी कोरोना हुआ, लेकिन वे जल्द ही ठीक हो गए। उन्होंने कहा कि कोरोना वैक्सीनेशन से ही कोरोना से बचा जा सकता है। इससे शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, जो कोरोना वायरस से लडऩे में सहायक होता है। इस दौरान कलेक्टर सिंह ने कहा कि रायगढ़ अरबन यानी शहर क्षेत्र में करीब 9700 पात्र लोगों का कोरोना वैक्सिनेशन नहीं हुआ है, ऐसे लोगों को कोरोना वैक्सीनेशन कराने के लिए प्रेरित करने के लिए कलेक्टर सिंह ने समाजिक संगठन के पदाधिकारियों से अपील की। इस दौरान समाज सेवी संगठन के पदाधिकारियों से शहर में अपने आसपास गली-मोहल्ले व विभिन्न वार्ड में वैक्सीनेशन के लिए जागरूकता लाने और लोगों को प्रेरित करने की बात कही।
कलेक्टर सिंह ने इस दौरान सामाजिक संगठन के लोगों से सुझाव भी मांगा।
इस दौरान दिहाड़ी करने वालों और होम आइसोलेशन में रह रहे लोगों को भोजन
उपलब्ध कराने के सुझाव दिए गए, जिस पर सांझा चुल्हा के माध्यम से हर रोज
भोजन पैकेट उपलब्ध कराने की बात कही गई। इसी तरह रोटरी क्लब ग्रेटर द्वारा
20 चार पहिया वाहन उपलब्ध कराने, 01 मई से होने वाले वैक्सीनेशन के लिए
तहसील स्तर पर वालिंटियर उपलब्ध कराने, दिव्य शक्ति फाउंडेशन के
कविता बेरीवाल ने लाकडाउन के दौरान भिक्षुओं को भोजन उपलब्ध कराने सहित कई
सुझाव समाजिक संगठन के पदाधिकारियों ने दिए, जिसका कलेक्टर सिंह ने
स्वागत किया। बैठक में कमिश्नर आशुतोष पाण्डेय, डिप्टी कमिश्नर श्री
सुतीक्षण यादव, द्रोपदी फाउंडेशन से सुशील रामदास अग्रवाल, रोटरी क्लब
ग्रेटर दीपक डोरा, लायंस क्लब ऐश अग्रवाल, ऋषि वर्मा, अग्रवाल सेवा संघ
मुकेश कलानोरिया, सांझा चूल्हा बजरंग अग्रवाल, जेसीआई पंकज अग्रवाल,
अग्रवाल महिला सम्मेलन रीना बापोरिया, दिव्य शक्ति कविता बेरीवाल, निरंकारी
क्लब, लायंस क्लब पायल अग्रवाल, लता डोरा, रोटरी क्लब लक्ष्मी अग्रवाल,
पंचायती धर्मशाला गोपाल अग्रवाल, सुनील थवाईत, देवांगन समाज से जगदीश मेहर,
आवेश, साहू समाज सहित अन्य समाजसेवी शामिल हुये।
लगातार बढ़ाये जा रहे हैं ऑक्सीजन और वेंटिलेटर बेड--
कलेक्टर सिंह ने कहा कि जिले में कोरोना से निपटने मेडिकल संसाधन को लगातार
बढ़ाया जा रहा है। वर्तमान में 404 आक्सीजनेटेड बेड उपलब्ध है, अगले कुछ
दिनों में 200 आक्सीजनेटेड बेड की और व्यवस्था तैयार हो जाएगी। इसी प्रकार
वेंटीलेटर बेड भी बढ़ाये जा रहे हैं, कुछ दिनों पहले 09 बाइपेप मशीन आयी है
जल्द 10 और वेंटिलेटर भी आने वाले हैं। जिससे गंभीर मरीजों के इलाज के लिए
प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और मजबूती मिलेगी।
1 मई से बढ़ेगी वैक्सीनेशन के लिए भीड़--
कलेक्टर सिंह ने कहा कि शासन के आदेशानुसार 1 मई से 18 वर्ष से ज्यादा उम्र
के लोगों के लिए वैक्सीनेशन शुरू होगा। इसके लिए इंतजाम किए जा रहे हैं।
शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में भी वैक्सीनेशन सेंटर बढ़ाया जाएगा। इस समय
भीड़ की स्थिति रहेगी। इसलिए कलेक्टर श्री सिंह ने 45 वर्ष से ज्यादा उम्र
के लोगों को भीड़ से बचने अभी से वैक्सीनेशन सेंटर में जाकर वैक्सीन लगवाने
की अपील की है।