मृत महिला अस्पताल में पी रही थी चाय..जिले के कोविड अस्पताल क... - CG Sandesh

मृत महिला अस्पताल में पी रही थी चाय..जिले के कोविड अस्पताल की महीने भर में दूसरी बार करामात...

रायगढ़ जिले के कोविड सेंटरो के गौरव गाथा में एक और अध्याय आज जुड़ गया। इस बार कारनामा किया है रायगढ़ जिले के केआईटी कॉलेज स्थित कोविड अस्पताल ने। यहां एक जिंदा मरीज की डेथ सर्टिफिकेट जारी कर दी गई ! इतना ही नहीं परिजनों को शव लेने के लिए आमंत्रित भी कर लिया गया।

दरअसल इस बारे में पीड़ित महिला के दामाद ने बताया कि 45 वर्ष हरिवंश कुवर राठिया कोविड पॉजिटिव थी। वीर रायगढ़ जिले के खरसिया के सोनबरसा की रहने वाली थी। उन्हें केआईटी कॉलेज स्थित कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आज दोपहर उनके मोबाइल पर फोन आया कि 2:30 बजे के करीब उनकी सास हरिवंश कुवर राठिया का देहांत हो गया है। कल सुबह 11:00 बजे आप उनकी लाश ले जा सकते हैं। खबर सुनते ही घर में मातम छा गया जैसे दुख का पहाड़ सर पर टूट पड़ा हो।

जानकारी मिलने के बाद उनके दामाद केआईडी अस्पताल पहुंचे। जहां उनके हाथ में डेट सर्टिफिकेट थमा दिया गया। वे वहाँ पहुंचे, जहां उनकी सास भर्ती थी। वहां उन्होंने देखा कि वह अपने बेड पर बैठ कर चाय पी रही है। इस बात को लेकर आगबबूला हुए दमाद ने वहां के स्टाफ से जाकर पूछा तो उन्होंने कहा, दूसरे बेड के मरीज का देहांत हुआ है गलती से इनका नाम चढ़ गया।

“नो रेस्पॉन्स रूल” फॉलो करते अधिकारी-

यह वीडियो और डेट सर्टिफिकेट सोशल मीडिया में वायरल होने लगा। पीड़ित के परिजनों से बात करने के बाद जब हमने यहां के अस्पताल इंचार्ज डॉ प्रशांत से बात करना चाहा, तो 15 मिनट तक तो मोबाइल स्विच ऑफ आते रहा।उसके बाद फिर मोबाइल में घंटी गई, मगर कोई रिस्पांस नहीं आया।


इतनी जिम्मेदारी का काम.. कम से कम फोन तो उठाना चाहिए..? क्या पता कोई पीड़ित इन्हें फोन लगा रहा हो..? इस बारे में जानकारी के लिए रायगढ़ सीएचएमओ डॉक्टर केसरी को फोन लगाया गया। मगर हो सकता है वह भी नो-रिस्पांस वाला रूल फॉलो कर रहे हो। हमारे ना सही अन्य दूसरे पत्रकारों के नंबरों से भी फोन किया गया। मगर किसी भी नंबर पर कोई रिस्पांस नहीं आया। अब आप खुद ही अंदाजा लगाइए इनकी गंभीरता का..?? ऐसा नहीं कि जिले में पहली बार हुआ है यह तो महीने में ऐसी दूसरी घटना है। इसके पहले सारंगढ़ की एक महिला के साथ में ऐसा हो चुका है।

ओपी चौधरी ने उठाया मामला--

इस मामले में अब राजनीति भी शुरू हो गई। मामला खरसिया क्षेत्र से जुड़ा था। भाजपा नेता ओंपी चौधरी ने विपक्ष की भूमिका निभाते हुए मुख्यमंत्री के नाम सोशल मीडिया में पत्र भी जारी कर दिया। उन्होंने कहा कि जिंदा बहन का डेट सर्टिफिकेट जारी कर दिया जा रहा है.. छत्तीसगढ़ के भाई बहनों ने हमें विपक्ष की जिम्मेदारी दी है ऐसी स्थिति में इस तरह की अव्यवस्थाओं को उठाना क्या हमारा दायित्व नहीं है। इस तरह की व्यवस्थाओं को सुधारने का आपसे आग्रह है।

वर्क हो रहा ओवर लोड..!

ऑफ द रिकॉर्ड और विश्वसनीय सूत्रों के हवाले से बहुत सारी बातें मामले में सामने आई। सबसे पहली बात जो समझ में आयी। कि जिस रफ्तार से रायगढ़ में मरीज बढ़ रहे हैं, उस रफ्तार से प्रशासन अपनी व्यवस्था बढ़ाने में तो लगा हुआ है; मगर उसके इस रास्ते में एक सबसे बड़ा रोड़ा आ रहा है तो वह है मेडिकल स्टाफ की कमी! मेडिकल स्टाफ पर वर्क लोड बहुत ज्यादा है। पेशेंट उम्मीद से ज्यादा आ रहे हैं, स्टाफ भर्ती प्रक्रिया भी प्रोसेस में है। सुबे के मंत्री उमेश पटेल ने भी कल वीडियो कॉन्फ्रेंस लेकर जिले में कोविड-19 ह हालात को लेकर समीक्षा ली थी। जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 1000 ऑक्सीजन बेड लक्ष्य रखा गया है और इसके लिए पर्याप्त मेडिकल स्टाफ की भर्ती की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने चिकित्सा सामाग्री व उपकरणों तथा मैन पावर के लिए डीएमएफ की राशि का उपयोग करने के लिए कहा।

संवेदनशील कलेक्टर की सराहनीय पहल..

कलेक्टर भीम सिंह ने बताया कि जिले के विभिन्न शासकीय अस्पतालों में पदस्थ चिकित्सकों को कोविड हॉस्पिटल में तैनात किया गया है। इसके साथ ही शासन स्तर से 20 चिकित्सकों की पदस्थापना की गयी है जो जल्द ज्वाइन करने वाले हैं। नर्सिंग स्टाफ बढ़ाने जिले में संचालित नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं की ड्यूटी लगाई जा रही है। वार्डबॉय, सफाई कर्मचारी व ऑक्सीजन सिलेंडर हैंडल करने के लिये हमाल भी तैनात किये गए हैं। स्टाफ बढ़ाने के लिये नए पदों के विज्ञापन जारी किये जा रहे हैं।

जिम्मेदार अधिकारी का गैरजिम्मेदाराना रवैया..

लेकिन इन सबके बीच एक जो सबसे बड़ी बात है; वह यह है कि सभी अधिकारी जानते हैं आपदा है, लोगों की उम्मीद सिर्फ उनसे टिकी है,मगर इस आपदा की घड़ी में जिम्मेदारों को कम से कम संपर्क लिए सार्वजनिक किया हुआ नंबर रिसीव तो करना चाहिए। क्या पता कौन, किस उम्मीद से आपको फोन लगा रहा हो..!!


अन्य सम्बंधित खबरें