कोविड सैंपल कलेक्शन सेंटर के आसपास के रहने वाले बाशिंदों में... - CG Sandesh

कोविड सैंपल कलेक्शन सेंटर के आसपास के रहने वाले बाशिंदों में ख़ौफ़ ... ! खुद की सुरक्षा का कर रहे जुगाड़, अधिकारियों व नेताओं से गुहार..

रायगढ़ सत्तीगुड़ी चौक स्थित इंदिरागांधी स्कूल में कोविड जांच केंद्र को अन्यत्र कहीं और शिफ्ट करने के लिए मोहल्लेवासियों ने लिखित रूप से सक्षम अधिकारियों को आवेदन किया था लेकिन अभी तक यह कोविड जांच केंद्र अन्यत्र कहीं और शिफ्ट नहीं हुआ है ? इसलिए मोहल्लेवासियों ने स्वयं से ही सुरक्षा अपनाते हुये मोहल्ले को बांस और रस्सी से घेर दिया है ताकि कोई भी कोविड टेस्ट कराने आये पेशेंट मोहल्ले के अंदर न आने पाए। उसके बावजूद भी लोग रस्सी फांद कर मोहल्ले के घरों के बाहर बने चबूतरे या दरवाजे में छांव ढूढ़ते हुए आकर बैठ रहे हैं। यहां कोई थूक रहा है तो कोई उल्टियां कर रहा है। कई लोग घरों की घण्टिया बजाकर पानी व कुर्सियों की भी मांग कर रहें हैं। ये सब देख मोहल्ले के लोगो को डर भी लगता है और मानवीय पीड़ा भी होती है।

कोरोना फैलने की आशंका से डर का माहौल-

इंदिरा गांधी स्कूल के बाहर आसपास के मोहल्ले का दृश्य बहुत दयनीय है। मोहल्लेवासीयों ने पार्षद विकास ठेठवार के सहयोग से मोहल्ले के प्रवेश द्वार को बड़े -बड़े ड्रमों व रस्सियों से लोगों का प्रवेश वर्जित करने के लिए घेर दिया गया है। सुरक्षा के सम्पूर्ण प्रयासों के बावजूद टेस्ट कराने आये लोगों को जगह – जगह बैठने व थूकने से मोहल्लेवासी नहीं रोक पा रहे हैं। कोविड टेस्ट कराने आये लोग खुलेआम कहीं भी बैठ रहें हैं न जाने इनमें कौन पॉजिटीव है ये डर मोहल्लेवासियों को खाये जा रहा है। उनकी माने तो कोविड टेस्ट के लिए आये लोग आजाद घूमते हुए अनजाने में कोरोना वायरस फैलाने में सहयोगी हो रहें हैं। ये बहुत बड़ा रिस्क है। कोविड टेस्ट कराने आये लोगों की लापरवाही मोहल्ले वासियों के लिए कहीं भारी न पड़ जाए क्योंकि इनमें से कई लोग जगह – जगह गाड़िया पार्क कर रहें है। लोग छांव देखकर कहीं भी बैठकर पानी से कुल्ला कर रहें हैं, थूक रहें हैं, कहीं कोई उल्टियां कर हैं तो कहीं पर कोई खांस रहा है। ये सब देखकर मोहल्ले में डर का माहौल व्याप्त है।
मोहल्ले में स्थित घरों की दूरी और टेस्ट सेंटर की दूरी मात्र 10 से 20 फुट की है।

मोहल्लेवासियों का कथन-

मोहल्लेवासियों का कहना है कि इस विषय में हमने जिला कलेक्टर महोदय, नगर निगम आयुक्त महोदय, एवं महापौर जी से पार्षद विकास ठेठवार के नेतृत्व में आवेदन किया गया है कि इस सैम्पल संग्रहण केंद्र को अनियंत्रित स्थानांतरित करें ताकि मोहल्लेवासी सुरक्षित रहें और कोरोना महामारी फैलने का डर न हो।

धूप में इतने खराब स्थिति में लोग लाइन लगाकर जांच कराने आते हैं जिन्हें न ही भगाते बनता है और न ही कुछ बोलते बनता है। मोहल्लेवासी आखिर करें तो क्या करें ? जांच कराने आये आखिर वे लोग भी मजबूर हैं अपनी बीमारी से जूझते हुए और इस तेज धूप से जद्दोजहद करते हुये देख हमारा मन भी व्यथित होता है। जिला प्रशासन को इस स्थिति को देखते हुए इस सेन्टर को किसी बड़े जगह पर शिफ्ट किया जाना चाहिए और जांच कराने वाले लोगों के लिए पानी व छांव जैसे सुविधाएं व उपलब्ध कराई जानी चाहिए। ये सिर्फ हमारा निवेदन है हम किसी भी प्रकार का विरोध प्रदर्शन नहीं कर रहें हैं। सिर्फ प्रार्थना कर रहें हैं जिससे मोहल्लेवासियों के साथ – साथ जांच कराने आये मरीजों की भी भलाई है।


अन्य सम्बंधित खबरें