जशपुर : सड़क बनाने के लिए पेड़ो को कर रहे धराशाई...
जशपुर जिले बगीचा वन क्षेत्र के संरक्षण के लिए वन अमला ही गंभीर नजर नहीं आ रहा है। ताजा मामला बगीचा विकासखंड के ग्राम पंचायत बुटँगा क्षेत्र के रंगपुर जंगल में देखने को मिला। सड़क निर्माण के लिए आसपास के जंगलों से ही मुरम की खुदाई की जा रही है। जेसीबी से क्षेत्र में लगातार खुदाई हो रही है और यह खुदाई पेड़ों के आसपास से ही किए जा रहे हैं। तस्वीरें स्पष्ट बयां कर रहे हैं कि जिन स्थानों से मुरम की खुदाई की जा रही है वहां के पेड़ों का भविष्य भी प्रभावित हो गया है। देखते ही देखते क्षेत्र के यह पेड़ धराशाई हो जाएंगे। सवाल सड़क निर्माण का नहीं है सवाल है कि इसके लिए विधिवत प्रक्रिया का पालन करते हुए नियत क्षेत्रों से ही सामग्री संकलित की जानी चाहिए। लेकिन ऐसा ना करके क्षेत्र के जंगलों को ही इस सड़क में झोंक दिया जा रहा है जहां बेतरतीब खुदाई से जंगलों का भविष्य खतरे में है। कोरोना संक्रमण काल के दौर में जहां देश भर में ऑक्सीजन के लिए मारामारी हो रही है वहीं जशपुर जिले में वन अमला ही ऑक्सीजन दाता पेड़ों का दुश्मन नजर आ रहा है। बहरहाल यह तस्वीरें देखिए और खुद निर्णय लीजिए कि क्या यह उचित हो रहा है।