बागबाहरा : टूलकिट मामले में कोमाखान भाजपा मंडल ने विरोध प्रदर्शन कर थाना में दी गिरिफ्तारी
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा के विरुद्ध टूल किट के मामले में कांग्रेस द्वारा कराई गई एफ़आईआर को लेकर भाजपा प्रदेश इकाई के निर्णयानुसार सोमवार को प्रदेशभर के थानों-चौकियों के सामने 5-5 प्रमुख पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं व जनप्रतिनिधियों ने कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए अपनी गिरफ़्तारी की मांग को लेकर धरना दिया।इसी क्रम में भाजपा मंडल कोमाखान के नेताओं ने पुलिस थाना कोमाखान के सामने गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन करते हुए प्रदेश कांग्रेस और उसकी सरकार के अलोकतांत्रिक रवैए का विरोध किया और कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार दबाव और दमन के अपने राजनीतिक चरित्र का परिचय दे रही है, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता एकजुट होकर पूरी ताक़त के साथ अपने नेतृत्व के साथ संघर्ष के लिए तत्पर हैं। छत्तीसगढ़ के कांग्रेस नेता और प्रदेश सरकार यह अच्छी तरह समझ लें कि भाजपा कार्यकर्ता सत्तावादी दमन और लोकतंत्र-विरोधी ताक़तों से मुक़ाबला करना अच्छी तरह जानती है।भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने दुहराया कि टूल किट मामले में अपने षड्यंत्रकारी राजनीतिक चरित्र के बेनक़ाब होने कांग्रेस और उसकी प्रदेश सरकार बौखला गई है।जिला पंचायत सदस्य एवं वरिष्ठ भाजपा नेत्री अलका चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस के नेता सपने में भी यह क़तई न सोचें कि डॉ. रमन सिंह के साथ वह दबाव, दमन और अलोकतांत्रिक आचरण कर लेंगे। पूरी भाजपा अपने नेता डॉ. सिंह के साथ एकजुट होकर खड़ी है और खड़ी रहेगी। लोकप्रियता के ग्राफ़ में आज भी अपनी श्रेष्ठता का प्रदर्शन कर रहे डॉ. सिंह के साथ भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता ज़ेल जाने के लिए तैयार है।
मंडल अध्यक्ष भेखलाल(सागर) चन्द्राकर ने कहा डॉ.रमन सिंह को गिरफ़्तार करने
से पहले कांग्रेस सरकार को प्रदेश में अपनी ज़ेलों के विस्तार की तैयारी कर
लेनी चाहिए।सत्ता के नशे में चूर होकर बदलापुर की राजनीति करने वाली इस
वादा खिलाफी कांग्रेस सरकार को जनता आने वाले समय में करारा जवाब देने वाली
है।मंडल महामंत्री कलाराम नायक ने टूल किट मामले को देश और
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विश्व के सामने छवि ख़राब करने की साज़िश क़रार
देते हुए कहा कि जब विश्व के साथ पूरा देश कोरोना महामारी से जूझ रहा है,
लोगों की सेवा करने की जगह कांग्रेस टूल किट जैसी साज़िश रच रही है मीडिया
प्रभारी नितिन जैन ने कहा कि टूल किट बनाकर कांग्रेस नेतृत्व द्वारा कुंभ
स्नान जैसे पवित्र धार्मिक आयोजन को कोरोना का सुपर स्प्रेडर बताकर बदनाम
किया जा रहा है। अगर देश हित के ख़िलाफ़ रची गई इस साज़िश को जनता के सामने
लाना अपराध है तो सरकार को हम सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को गिरफ़्तार करना
होगा।उपस्थित नेताओं ने कोरोना निर्देशों का पालन करते हुए जमकर
नारेबाजी करते हुए अपनी गिरफ्तारी देने पुलिस थाना कोमाखान पहुंचे जहां
थाना प्रभारी ने उन्हें गिरफ्तार करने से मना कर दिया और सम्मान पूर्वक
उन्हें वापस जाने कहा।इस धरना प्रदर्शन कार्यक्रम में प्रमुख सहयोगी के
रूप में मंडल कोषाध्यक्ष हिरेन्द्र उपाध्याय,आई.टी.सेल मंडल प्रभारी याक़ूब
पाशा,पुर्व जिला पंचायत सदस्य रामप्रसाद ठाकुर,युवा भाजपा नेता मुकेश
सिन्हा,पंकज जैन महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष उमा सोनी,महामंत्री संगीता
चन्द्राकर आदि उपस्थित थे।