जशपुर : कलेक्टर ने स्टाप डेम निर्माण कार्य हेतु 66.86 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की
कलेक्टर महादेव कावरे ने एकीकृत जलग्रहण क्षेत्र प्रबंधन कार्यक्रम के तहत जशपुर जिले के विकासखंड पत्थलगांव के 4 विभिन्न स्थानों पर वाटरशेड विकास कार्य के अतंर्गत स्टाप डेम निर्माण कार्य हेतु 66.86 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। उक्त राशि के अंतर्गत 15.99 लाख श्रम पर व्यय, 49.99 लाख सामग्री पर व्यय एवं 0.88 लाख अन्य व्यय शामिल है।
जिसके अंतर्गत पत्थलगांव क्षेत्र के ग्राम पंचायत जामजुनवानी के देवजोर नाला में स्टॉप डेम निर्माण हेतु 19.06 लाख , ग्राम पंचायत घरजियाबथान के सोखापारा नाला में स्टॉप डेम निर्माण हेतु 13.77 लाख व केंदाझरिया नाला में स्टॉप डेम निर्माण हेतु 19.66 लाख एवं ग्राम पंचायत मिर्जापुर के पकरीढाप नाला में स्टॉप डेम निर्माण हेतु 14.37 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।
उक्त कार्यो से लगभग 8328 मानव दिवस का सृजित होने का लक्ष्य है। इस निर्माण कार्य पर होने वाला व्यय एकीकृत जलग्रहण क्षेत्र प्रबंधन कार्यक्रम के अंतर्गत भारत सरकार, ग्रामीण विकास मंत्रालय, भूमि संसाधन विभाग एवं छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संयुक्त रूप से प्रदत्त परियोजना निधि से प्रदाय होगा। साथ ही इस निर्माण कार्य के क्रियान्वयन हेतु संबंधित जल ग्रहण समिति क्रियान्वयन एजेंसी नियुक्त की गई है।