बागबाहरा : ब्राह्मण समाज ने कर्मकांडी पुरोहितों को फ्रंटलाइन कोरोना वारियर्स घोषित करने की शासन से की मांग
कोमाखान ब्राम्हण समाज ने कर्मकांडी पुरोहितों को फ्रंट लाइन कोरोना वारियर्स की दर्जा की मांग को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल व राज्यपाल के नाम तहसी लदार को ज्ञापन सौंपा है।विप्र अधिकारी कर्मचारी संघ शाखा बागबाहरा, ब्राह्मण समाज कोमाखान, बागबाहरा अध्यक्ष अरुण शुक्ला, संयोजक विजय शर्मा के नेतृत्व में तहसीलदार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल व राज्यपाल को सौंपे ज्ञापन में बताया कि कर्मकांडी पुरोहित सामाजिक सांस्कृतिक रक्षा, स्वास्थ्य सुरक्षा, नैतिक संस्कार के लिए घर-घर तक स्वच्छता के साथ जन्म से मृत्यु तक साथ देते हैं।
संघ के अध्यक्ष अरुण शुक्ला ने कहा कि इस वक्त हम कोरोना संक्रमण काल से गुजर रहे हैं।फिर भी इस संक्रमण काल में पुरोहित व कर्मकांडी ब्राह्मण मानव समाज के हर वर्ग के शादी विवाह, गृहप्रवेश व अंतिम समय के पूजन व श्मशान में भी श्राद्ध कर्म पूर्ण करवा रहे हैं।जीवन से जुड़े प्रथम व अंतिम हर मांगलिक व शोक सभी कार्यों में उन्हें अपना योगदान देना पड़ रहा है। जिसे वे निर्भीक व निस्वार्थ रूप से संपन्न करवा रहे हैं।
जिन लोगों के वे संपर्क में आते हैं उनके स्वास्थ्य की वर्तमान स्थिति का भी उन्हें पता नहीं होता और ये सेवाएं भी आवश्यक सेवाओं की श्रेणी में ही आता है।कर्मकांडी ब्राह्मणों को उनके योगदान के लिए इन्हें फ्रंटलाइन कोरोना वारियर्स की मान्यता देते हुए टीकाकरण में प्राथमिकता देने की मांग की है।ज्ञापन देते समय मुख्य रूप से संघ के संयोजक विजय शर्मा, उपाध्यक्ष सुबोध कुमार तिवारी, पंकज गिरी शर्मा, संजय शर्मा, अनुराग द्विवेदी, प्रफुल्ल त्रिपाठी, धीरज तिवारी उल्लास दास रामगोपाल दीवान, शुभ्रा शर्मा व स्नेहा शर्मा, शिवप्रसाद उपाध्याय, चेतन पांडे उपस्थित रहे।