लोरमी :- लोकनिर्माण मंत्री ताम्रध्वज साहू से मुलाकात कर राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता नितेश साहू ने बताई मुंगेली के खस्ताहाल सड़को की स्थिति।
लोकनिर्माण के अंतर्गत आने वाली मुंगेली जिले की सड़कों की हालत जर्जर हो चुकी हैं। हर छोटी बड़ी सड़क में जगह-जगह गढ्डे हो चुके है। बरसात आते ही अब इन गड्ढों में पानी भरने लगा है। बोडतरा कला से राम्हेपुर (एन) को जोड़ने वाली सड़क पहले से ही संकरी है। जिसमे अब गड्ढे भी हो जाने के चलते राहगीर इन गड्ढों में गिर पड़ते है। इस भांति के कई हादसों में दिन प्रतिदिन सैकड़ो लोग गिरकर घायल हो रहे हैं। सड़क की यह दुर्दशा बड़ी दुर्घटनाओं का द्योतक है।
वर्तमान में यह मार्ग स्थानीय लोगों को ब्लाक मुख्यालय, जिला मुख्यालय एवं राजधानी के लिए जोड़ने का एकमात्र साधन है। जिसके चलते रोजाना सैकड़ो राहगीर इसी मार्ग का प्रयोग का अपने गंतव्यों की ओर प्रस्थान करते है। न केवल बिलासपुर बल्कि यह मार्ग अंतरराज्यीय सड़क मार्ग द्वारा मध्यप्रदेश राज्य के डिंडौरी, मंडला एवं गोपालपुर को भी जिले से जोड़ती हैं। उत्तरप्रदेश के इलाहाबाद जाने के लिए भी बहुधा यही सबसे सुगम रास्ता है। इस कारण विगत कई वर्षों से क्षेत्र की जनता एवं जनप्रतिनिधियों ने इस मार्ग को राज्य मार्ग में शामिल करने की मांग भी सामने रखी है।

पिछले वर्ष इस सड़क में दुर्घटना से बाल-बाल बचे राष्ट्रीय युवा पुरस्कार से सम्मानित नितेश साहू ने इस घटना से सबक लेते हुए इस बात को उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाने का प्रयास प्रारम्भ किया। इसी क्रम में आज छत्तीसगढ़ राज्य के लोकनिर्माण मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू जी से मिलकर रोड की वर्तमान खस्ताहाल स्थति से अवगत कराते हुए ग्राम बोधापारा - बोडतरा कला - राम्हेपुर एन तक के मार्ग को राज्य मार्ग में शामिल करने एवं आमजन के मध्य इस सड़क की महत्ता को रेखांकित करते हुए तत्काल इसकी मरम्मत की व्यवस्था करवाने की मांग की गई है।