भाजपा महिला मोर्चा ने की आबकारी मंत्री की निंदा, माफी नही मांगे जाने पर उग्र आंदोलन किया ऐलान....
हाल ही में एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कांग्रेस सरकार के आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने भाजपा की प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी की तुलना फूलन देवी से कर दी थी। जिस वजह से महिला मोर्चा में आक्रोश देखने को मिल रहा है।
रविवार को भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष वर्षा सिंह के निवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में सभी ने एक स्वर में कवासी लखमा द्वारा भाजपा की महिला नेत्री की तुलना फूलन देवी से करने पर जमकर नाराजगी जताई। प्रेस वार्ता में वर्षा सिंह ने आबकारी मंत्री कवासी लखमा पर जमकर अपनी भड़ास निकाली। उन्होंने कहा कि जब से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आई है उनके मंत्री और विधायक आये दिन महिलाओं को लेकर विवादित टिप्पणी करते रहते है। वे लोग इतने निरंकुश हो गये है कि अब तो महिलाओं का सम्मान करना ही भूल गये है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को चाहिये की अपने मंत्रियों और विधायकों को नैतिकता का पाठ पढ़ाये।आज नारी शक्ति को पूरे देश मे सम्मान दिया जाता है लेकिन प्रदेश में काबिज सरकार ने महिलाओं के सम्मान को पूरी तरह से भुला दिया है।आज प्रदेश प्रभारी के बारे में जो अनर्गल टिप्पणी की गई है वह उनकी गंदी मानसिकता को दर्शाता है।इस सरकार के आने के बाद महिला उत्पीड़न के मामले भी काफी बढ़ गए हैं। वर्तमान सरकार के मंत्री और नेता सत्ता के नशे में इतना चूर हो गये हैं की अब वे महिलाओं का अपमान करने लगे हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से महिला मोर्चा के पदाधिकारियों ने अपनी अपनी बात रखी और मंत्री कवासी लखमा द्वारा की गई अभद्र टिप्पणी की घोर निंदा की साथ ही उन्होंने वर्तमान सरकार पर कई आरोप लगाये।