news-details

चारागाहों में जल्द पूरा करें प्लांटेशन - कलेक्टर भीम सिंह

कलेक्टर भीम सिंह ने बुधवार को सारंगढ़ ब्लाक के कोसीर के गौठान में चारागाह का निरीक्षण कर वहां पर संचालित की जा रही विभिन्न गतिविधियों का जायजा लिया। यहां उन्होंने कहा कि चारागाह में महिलाओं की अधिक से अधिक एक्टिविटी में सहभागिता सुनिश्चित कर उन्हें स्वावलंबी बनाने की दिशा में कार्य करें ताकि इसे आदर्श चारागाह और मल्टी एक्टिविटी के रूप में स्थापित किया जा सके। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत डॉ.रवि मित्तल भी उपस्थित रहे।

कलेक्टर सिंह ने कोसीर चारागाह में संचालित विभिन्न गतिविधियों में नेपियर लगाना, मुर्गीपालन, वर्मी कम्पोस्ट निर्माण, सब्जी, मछली पालन एवं रागी फसल का निरीक्षण किया। गौठान में विविध आजीविका मूलक गतिविधियों के संचालन के लिए उन्होंने कार्यरत समूह की तारीफ की। इन सभी जगह जाने के लिए एक मार्ग निर्माण सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर सिंह ने गौठान में नेपियर रूट्स कम प्लांटेशन व पहले से लगे नेपियर की कटाई न होने को लेकर नाराजगी जताते हुए जल्द कटाई करने तथा अन्य रिक्त स्थानों पर नेपियर घास लगाने के सख्त निर्देश दिए।

कलेक्टर सिंह ने सहसपानी फारेस्ट गोठान के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सिंह ने चारागाह, खाद निर्माण एवं पानी की व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां चारागाह निर्माण की भी जानकारी ली। उन्होंने गौठान के समीप रिक्त स्थानों में पशुओं के लिए नेपियर घास का प्लांटेशन करने के निर्देश वन विभाग के अधिकारी को दिए। इसके साथ ही उन्होंने गौठान में वर्मी कम्पोस्ट के लिए पिट तथा अन्य निर्माण कार्यों की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि सभी कार्य पूर्ण किए जा चुके है। उन्होंने गौठान में गेट लगाने तथा पानी की व्यवस्था का काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात कलेक्टर सिंह लेन्ध्रा पहुंचे। यहां उन्होंने गौठान में तैयार किए जा रहे मल्टी एक्टिविटी सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां की महिला समूह से खाद निर्माण व विक्रय के बारे में चर्चा की। महिला समूहों ने वहां संचालित होने वाली गतिविधियों की जानकारी कलेक्टर सिंह को दी। उन्होंने गौठान में महिलाओं की सुविधा के लिए एक और मल्टी एक्टिविटी शेड तैयार करवाने के निर्देश दिए। इस दौरान महिला समूह ने एक्टिविटी केन्द्र में आने के लिए व्यवस्थित मार्ग को बनवाने की बात रखी। जिस पर कलेक्टर सिंह ने सीईओ जनपद पंचायत को सेंटर तक पहुंचने हेतु मार्ग निर्माण के लिए निर्देशित किया। इस अवसर पर एसडीएम सारंगढ़ नंदकुमार चौबे, सीईओ जनपद पंचायत अभिषेक बनर्जी सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




अन्य सम्बंधित खबरें