मुक्तिधाम में लगे पौधों को रक्षा सूत्र बांधकर मनाया गया फ्रेंडशिप डे...
वृक्ष मानव का सबसे अच्छा मित्र होता है, इसलिए पौधों में रक्षा सूत्र बांधकर उसकी रक्षा करने का प्रण मित्रता दिवस पर लिया गया। इस दौरान टीम के सदस्यों के द्वारा सभी पौधे व वृक्षों पर रक्षासूत्र बांधे गए। पौधे रोपित करने के बाद उसकी अनवरत देखभाल भी जरूरी है। इस उद्देश्य के साथ मुक्तिधाम स्वच्छता टीम सक्रिय भूमिका निभा रही है।
मुक्तिधाम स्वच्छता टीम लोरमी ने वार्ड क्रमांक 12 स्थित मुक्तिधाम में पौधों को प्रतीकात्मक रूप से रक्षासूत्र बांधकर मित्रता दिवस मनाया। गौरतलब है कि लोरमी के युवाओं के द्वारा पिछले 5 साल से मुक्तिधाम लोरमी में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है।पर्यावरण के क्षेत्र में विशेष कार्य करते हुए, इनके द्वारा समाज तक विशेष संदेश पहुंचाने का कार्य भी किया जाता है। इसी तारतम्य में आज फ्रेंडशिप डे को मुक्तिधाम स्वच्छता टीम लोरमी के द्वारा वृक्षमित्र दिवस के रूप में मनाया गया।

टीम के सदस्यों के द्वारा मुक्तिधाम परिसर में रोपित किए गए सभी पौधों व वृक्षों को रक्षासूत्र व फ्रेंडशिप बैंड बांधकर उनकी रक्षा हेतु संकल्प लिया गया। यहां यह बताना भी लाजमी है कि पिछले 5 साल में इस टीम के द्वारा इस परिसर में 200 से अधिक पौधे रोपित किए जा चुके हैं, ये सब रोपित पौधे जीवित हैं और धीरे-धीरे वृक्ष का रूप ले रहे हैं। इन पौधों की सुरक्षा हेतु स्वच्छता टीम के सदस्यों के द्वारा वर्षभर जैविक खाद, पानी एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा मुहैया कराया जाता है। टीम की सदस्य सभी पौधों की देखभाल बच्चे की तरह करते हैं। वहीं इस टीम के द्वारा प्रतिवर्ष फ्रेंडशिप डे के अवसर पर वृक्षमित्र दिवस मनाया जाता है। टीम के सदस्यों ने यह मांग भी की है कि पाश्चात्य सभ्यता की ओर बढ़ रहे समाज को पर्यावरण से जोड़ने के लिए फ्रेंडशिप डे को वृक्षमित्र दिवस के रूप में पूरे भारतवर्ष में मनाया जाए। वही टीम के सदस्यों के द्वारा आज वृक्षमित्र दिवस के अवसर पर गेंदा पपीता सहित अन्य पौधे भी रोपित किए गए।
मुक्तिधाम स्वच्छता टीम के द्वारा वृक्षमित्र दिवस (फ्रेंडशिप डे) के अवसर पर पवन अग्रवाल, शैलेंद्र जायसवाल, शरद कुमार डड़सेना, अमित गुप्ता, कुलजीत बग्गा, कृष्ण कुमार जायसवाल, महेश खत्री, अंकित मौर्य ,रितेश सलूजा, अमित साकत, नर्मदा कश्यप, दिलीप जायसवाल, परमेश वैष्णव, श्याम बैगा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
