2 करोड़  की लागत से 1 वर्ष पूर्व बना बांध  बहा, दोषियों के व... - CG Sandesh

2 करोड़ की लागत से 1 वर्ष पूर्व बना बांध बहा, दोषियों के विरूद्ध प्रथम सूचना पत्र दर्ज करने की मांग

जशपुर जिला चिकित्सालय में हुए 12 करोड़ के भ्रष्टाचार तथा तहसील सन्ना के ग्राम डूमरकोना , एवं ग्राम भट्ठा में जल संसाधन विभाग के द्वारा महात्मा गांधी रोजगार गरांटी योजना एवं जिला खनिज न्यास निधि से लगभग 2 करोड़ रू . की लागत से 1 वर्ष पूर्व बनाये गये मिट्टी बांध के बह जाने तथा उक्त बांध के पानी एवं मलबे से हुए किसानों को हुई क्षति की तत्काल क्षतिपूर्ति देने तथा उपरोक्त संबंध में दोषियों के विरूद्ध प्रथम सूचना पत्र दर्ज करने की मांग जनजाति सुरक्षा मंच के द्वारा की गई है।

कलेक्टर जशपुर को ज्ञापन देते हुए जनजातीय सुरक्षा मंच ने कहा है कि जान – माल को दाव में रखकर जिला चिकित्सालय में तथा जल संसाधन विभाग में व्यापक भ्रष्टाचार हुआ है। जशपुर जिले में लगातार यहां के नागरिकों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ हुआ है, जिसे लेकर जशपुर जिले के निवासियों में काफी आक्रोश है।

मंच ने कहा कि अखिल भारतीय जनजाति सुरक्षा संच जिला जशपुर के द्वारा पिछले 10 वर्षों से भी अधिक समय से जनहित के मुद्दो को लेकर एवं जल जंगल जमीन की सुरक्षा हेतु आंदोलन किया जा रहा है।

अखिल भारतीय जनजाति सुरक्षा मंच के राष्ट्रीय संयोजक श्री गणेश राम भगत के द्वारा कल दिनांक 03.08.2021 को ग्राम डूमरकोना एवं भट्ठा का दौरा कर वहां के पीड़ितों से वस्तु – स्थिति की जानकारी ली गई है । जो अत्यंत ही कष्ट दायक है , जिसमें ग्रामीण के द्वारा बताया गया कि उक्त बाँध निर्माण मनरेगा के तहत मजदूरों को मजदूरी भुगतान आज तक नहीं की गई है और उक्त मनरेगा के कार्य में प्रतिबंधित मशीनरी जे.सी.बी. एवं ट्रेक्टर का उपयोग किया गया है तथा बांध निर्माण में भी व्यापक भ्रष्टाचार किया गया है ।

साथ ही साथ सैकड़ों किसानों के खेत उक्त बांध के मलबे से दब चुके हैं , जिसके कारण उनके सामने वर्ष भर जीवन यापन की भी गंभीर समस्या पैदा होगी। मंच के द्वारा कलेक्टर को ज्ञापन देते हुए कहा गया है कि उपरोक्त विषयों के संबंध में 15 दिवस के भीतर संबंधित विभागों के माध्यम से प्रथम सूचना पत्र दर्ज कर आरोपियों के विरूद्ध कठोर कानूनी कार्यवाही करने हेतु पहल करें, अन्यथा बाध्य होकर अखिल भारतीय जनजाति सुरक्षा मंच के बैनर तले पीड़ितों के साथ सड़क पर उतर कर आंदोलन करने हेतु मजबुर होंगे।

ज्ञापन देने पहुंचे प्रतिनिधियों में लालदेव राम भगत श्रीमती करूणा भगत, जिला सचिव, अध्यक्ष, महिला समिति व अखिल भारतीय जनजाति सुरक्षा मंच के अन्य सदस्य शामिल थे।


अन्य सम्बंधित खबरें